Nov 2, 2026

सरयू डिग्री कॉलेज में ‘नशा मुक्त युवा एवं विकसित भारत’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन





करनैलगंज/गोण्डा  - सरयू डिग्री कॉलेज, करनैलगंज में आज ‘नशा मुक्त युवा एवं विकसित भारत’ विषय पर एक जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.बी. सिंह ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर किया।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. आर.बी. सिंह ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के शरीर और स्वास्थ्य को ही नष्ट नहीं करता, बल्कि यह पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र को भीतर से कमजोर एवं विखंडित कर देता है। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति विशेष रूप से युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए युवाओं का स्वस्थ, जागरूक, अनुशासित एवं नशामुक्त होना अत्यंत आवश्यक है। युवाशक्ति ही विकसित भारत की आधारशिला है, इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक गतिविधियों एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) के कार्यक्रमाधिकारी डॉ. पवन मिश्र सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर डॉ. जगन्नाथ तिवारी, डॉ. शैलेन्द्र बहादुर सिंह, डॉ. ममता मिश्रा, डॉ. अन्तिमा सिंह, डॉ. त्रिपुरारी दूबे, डॉ. मार्शल स्टालिन, डॉ. विजय यादव, डॉ. जावेद अहमद, डॉ. प्रवेश कुमार, डॉ. बृजेश सिंह, डॉ. अमित सिंह एवं डॉ. शिव कुमार मौर्य सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

संगोष्ठी का मूल उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ, सशक्त एवं नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशामुक्त युवा ही सशक्त समाज और विकसित भारत के निर्माण का सच्चा आधार हैं।

No comments: