Nov 4, 2026

चोरी की घटना का पुलिस ने किया खुलासा, सामान बरामद कर एक अभियुक्त को किया गिरफ्तार



 

गोण्डा - वादी नियाज अहमद पुत्र तालुकदार निवासी ग्राम रुद्रगढ़ नौसी, थाना धानेपुर, जनपद गोण्डा द्वारा थाना धानेपुर पर लिखित तहरीर दी गई कि वह अपने परिवार सहित मुम्बई में निवास करता है। उसके पट्टीदार आरिफ पुत्र बकरीदी भी अपने परिवार के साथ मुम्बई में रहते हैं। दोनों के गांव वापस आने पर अपने-अपने घरों को खोलकर देखा तो घर में रखा गेहूं, चावल एवं सरसों ड्रम से निकालकर चोरी कर लिया गया था। साथ ही घर में रखे पंखे एवं बैटरी भी गायब थे। इसी प्रकार आरिफ के घर से भी बर्तन एवं पंखे चोरी कर लिए गए थे। वादी के अनुसार उक्त सामान को मो0 रशीद पुत्र मो0 रफीक, मो0 रिजवान पुत्र मो0 निसार, मो0 अफाख पुत्र मुजीब अंसारी एवं रामू पुत्र मेवालाल निवासी ग्राम नकहरा, थाना नवाबगंज, जनपद गोण्डा द्वारा चोरी कर बेच दिया गया है। लिखित तहरीर की आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया ।

दिनांक 04.11.2026 को थाना धानेपुर पुलिस द्वारा क्षेत्र में रात्रि गश्त एवं चोरी की घटना के अनावरण के क्रम में मुखबिर की सूचना पर ग्राम रूदगढ़ नौसी से सिंहपुर जाने वाले मार्ग पर गौशाला के पास से अभियुक्त रामू पुत्र मेवालाल को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से चोरी के 02 अदद सीलिंग फैन, 20 मीटर बिजली का केबल तार, 01 अदद लोहे की कुल्हाड़ी एवं ₹1,220/- नकद बरामद हुए। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूध्द थाना धानेपुर पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही कर न्यायालय रवाना किया गया ।

पूछताछ में हुआ खुलासा
पूछताछ के दौरान अभियुक्त रामू ने बताया कि उसने अपने साथी मो0 रशीद पुत्र मो0 रफीक, मो0 रिजवान पुत्र मो0 निसार एवं मो0 आफाक पुत्र मो0 मुजीब अंसारी, निवासीगण ग्राम रूदगढ़ नौसी, थाना धानेपुर, जनपद गोण्डा के साथ मिलकर नियाज अहमद एवं आरिफ के घर में चोरी की थी। अभियुक्त ने बताया कि उनके घर से कई दिनों में धीरे-धीरे चावल, सरसों एवं गेहूं की बोरियां चोरी कर दुकानों पर बेच दी थीं तथा प्राप्त धनराशि आपस में बांट ली थी। इसके अतिरिक्त दो सीलिंग फैन, बिजली का केबल तार एवं कुल्हाड़ी भी चोरी की थी, जिन्हें बेचने के लिए वह ले जा रहा था। अभियुक्त के कब्जे से बरामद ₹1,220 चोरी किए गए अनाज को बेचने से प्राप्त धनराशि में उसके हिस्से के थे।


No comments: