Nov 13, 2026

बहराइच में शातिर चोर से मुठभेड़: पैर में गोली लगी, तमंचा और चोरी का सामान बरामद

 बहराइच में शातिर चोर से मुठभेड़: पैर में गोली लगी, तमंचा और चोरी का सामान बरामद

बहराइच। थाना पयागपुर क्षेत्र में अंतरजनपदीय शातिर अपराधी के विरुद्ध बहराइच पुलिस की मुठभेड़ हुई। आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घायल आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी का सामान और नगदी बरामद हुई।पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पयागपुर पुलिस टीम को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि रेलवे अंडरपास पुलिया के पास एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी करने या चोरी का सामान बेचने की तैयारी में है। सूचना पर थाना प्रभारी पयागपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।पुलिस टीम ने संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह रेलवे ट्रैक की आड़ लेकर पुलिस पर जानलेवाफायरिंग करने लगा। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। तत्काल उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बब्बू पुत्र रामप्रसाद, निवासी बबया, थाना पयागपुर, जनपद बहराइच के रूप में हुई। वह थाना पयागपुर का हिस्ट्रीशीटर है और बहराइच समेत अन्य जनपदों के विभिन्न थानों में उसके विरुद्ध दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस 315 बोर, दो जिंदा कारतूस 315 बोर, चोरी के नौ सफेद धातु के पायल, 11 बिछिया और ₹14,500 नगदी बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पयागपुर में हाल ही में हुई एक चोरी की घटना को अंजाम देना भी स्वीकार किया।

घायल आरोपी को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस अधीक्षक बहराइच ने मौका मुआयना किया और अधिकारियों को आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने कहा कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।

No comments: