Oct 26, 2026

हलधरमऊ में विकास के दावों की खुली पोल: जंगल में तब्दील हुई सड़क, बच्चों को उठानी पड़ी फावड़ा-खुरपी



सोनवार भैरवपुरवा में सीसी रोड की मांग 5 साल से अनसुनी, सफाईकर्मी ले रहा घर बैठे वेतन

गोण्डा  - योगी सरकार जहां गांव-गांव में स्वच्छता और गड्ढामुक्त सड़कों का दावा कर रही है, वहीं गोंडा जिले के हलधरमऊ विकासखंड की हकीकत इसके उलट है। ग्राम पंचायत सोनवार के मजरा भैरवपुरवा में सिस्टम पूरी तरह फेल साबित हो रहा है। गांव को जोड़ने वाला इकलौता संपर्क मार्ग झाड़-झंखाड़ और जंगली घास उगने से जंगल में तब्दील हो गया है। वर्षों पहले डाला गया कट स्टोन टूट-टूट कर खत्म हो चुका है। ग्रामीणों के मुताबिक इस जर्जर मार्ग को लेकर कई बार ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रघुनाथ पाण्डेय से लेकर क्षेत्रीय विधायक बावन सिंह तक से सीसी रोड निर्माण की मांग की गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। सुनवाई न होने से नाराज गांव के बच्चों और युवाओं ने रविवार को खुद मोर्चा संभाल लिया।

बच्चों ने किया श्रमदान, अफसरों को दिखाया आईना

रविवार सुबह गांव के छोटे-छोटे बच्चों ने हाथों में झाड़ू, फावड़ा और खुरपी लेकर संपर्क मार्ग पर उगी झाड़ियों को काटा। टोकरी भर-भर कर मिट्टी और कचरा हटाकर रास्ते को चलने लायक बनाया। बच्चों के इस श्रमदान की पूरे गांव में सराहना हो रही है, वहीं जिम्मेदारों की उदासीनता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सफाईकर्मी नदारद, वेतन जारी

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा है, नालियां चोक पड़ी हैं। गांव में नियुक्त सफाईकर्मी अरुण नियमित रूप से गांव नहीं आता, फोन करने पर फोन भी नहीं उठाता, जबकि हर माह पूरा वेतन उठा रहा है। श्रमदान करने वालों में अतुल पाण्डेय, नितिन पाण्डेय, विपिन पाण्डेय, कमलाकांत, संतोष शुक्ल, श्रीप्रकाश, ओम प्रकाश शुक्ल सहित तमाम बच्चे और युवा शामिल रहे।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द संपर्क मार्ग पर सीसी रोड का निर्माण नहीं कराया गया और लापरवाह सफाईकर्मी पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे डीएम और सीडीओ से शिकायत कर आंदोलन को बाध्य होंगे।

No comments: