बीमार पिता ने विदेश राज्यमंत्री और शासन प्रशासन तक से मांगी मदद, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं
गोण्डा - जिले के कर्नलगंज निवासी अमित मौर्य दुबई में फंस गए हैं। उसने शनिवार सुबह सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर भारत लौटने के लिए मदद मांगी है। अमित का दावा है कि वह जेल की सजा पूरी कर चुका है, लेकिन 25 लाख रुपये का जुर्माना न भर पाने के कारण दुबई में फंसा हुआ है। उसने पिता की खराब तबीयत और अपनी बिगड़ती मानसिक स्थिति का हवाला देते हुए जल्द घर पहुंचाने की अपील की है। उसने कहा कि मैं पागल होकर यहीं मर जाऊंगा।
अमित ने भावुक होते हुए कहा - "आज मेरी सबसे बड़ी इच्छा सिर्फ इतनी है कि किसी तरह अपने पिता जी के पास पहुंच सकूं, उनका हाल चाल ले सकूं और उनके साथ कुछ समय बिता सकूं। लेकिन मेरी मजबूरियां इतनी ज्यादा हैं कि अकेले इस परिस्थिति से निकल पाना मेरे लिए मुश्किल हो गया है।"
अमित के बीमार पिता ने बेटे की वापसी के लिए विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह से मदद मांगी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है और कोई मदद नहीं मिली है।
पांच साल से दुबई में फंसा, झूठे मुकदमे में हुई जेल
अमित मौर्य के मुताबिक, वह पिछले पांच साल से दुबई में रह रहा है। उसका कहना है कि एक झूठे मुकदमे में उसे छह महीने की जेल हुई थी, जिसकी सजा वह पूरी कर चुका है। रिहाई के बाद उस पर 25 लाख रुपये का जुर्माना लगा दिया गया। इतनी बड़ी रकम नहीं जुटा पाने के कारण वह वापस भारत नहीं लौट पा रहा है।
वीडियो में अमित रोते हुए कहता है कि जुर्माना न भर पाने के कारण वह दुबई में फंसा हुआ है। इसी दौरान उसकी मां का निधन हो गया, लेकिन वह मां के अंतिम समय में घर नहीं पहुंच सका। अब उसके पिता की तबीयत भी खराब है। अमित ने अपनी मानसिक स्थिति बिगड़ने की बात कहते हुए जल्द वतन वापसी कराने की गुहार लगाई है।
पिता ने अधिकारियों से लगाई गुहार
कर्नलगंज के मोहल्ला बजरंग नगर (मेहंदीहाता) निवासी राम अशोक मौर्य ने बताया कि उनका बेटा अमित लगभग चार वर्ष पहले रोजगार के लिए दुबई गया था। वहां शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद अमित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। बाद में शराब बेचने के आरोप में जेल भेज दिया था। इस मामले में अमित को छह माह की सजा व 25 लाख रुपये जुर्माने से दंडित किया गया था। 18 अगस्त 2023 से 20 फरवरी 2024 तक सजा पूरी करने के बाद वह जेल से तो रिहा हो गए लेकिन 25 लाख रुपये जुर्माना अदा नहीं कर पाने के कारण स्वदेश वापसी नहीं हो पा रही है। उन्होंने बताया कि बेटे की वापसी के लिए वह कई अधिकारियों के पास जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। उन्होंने गोंडा के सांसद और विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह से हस्तक्षेप कर बेटे को भारत वापस लाने की अपील की। पिता के मुताबिक, उन्होंने मदद के लिए राजा भैया से भी संपर्क किया था, लेकिन अभी तक कोई मदद नहीं मिली है।
मां के निधन पर भी नहीं आ सके घर, पिता की भी अब तबीयत खराब
सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में अमित ने बताया कि दुबई में रहने के दौरान उसकी मां का निधन हो गया लेकिन वह अंतिम समय में नहीं आ सके। अब उनके पिता राम अशोक मौर्य की तबीयत भी खराब है। अमित ने अपनी परेशानी बताते हुए स्वदेश वापसी के लिए मदद की गुहार लगाई है। बेटे अमित की वापसी के लिए पिता राम अशोक मौर्य ने विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह समेत संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर मदद मांगी है।
विदेश राज्यमंत्री के प्रतिनिधि कमलेश पाण्डेय ने बताया कि अमित की वापसी के संबंध में विदेश मंत्रालय को आवश्यक दस्तावेज भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि कानूनी प्रक्रिया के तहत दुबई के अधिकारियों से संपर्क कर समाधान निकालने का प्रयास हो रहा है।
No comments:
Post a Comment