Oct 30, 2026

डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहनों पर होगी कार्रवाई

 अतिक्रमण से मुक्त होंगे मार्ग, सुगम होगा आवागमनस्कूली वाहनों के फिटनेस की होगी रैण्डम जांच  

बहराइच। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने नगर मजिस्ट्रेट, समस्त उप जिलाधिकारियों एवं पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान संचालित कर सड़कों एवं मार्गों को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराएं। डीएम ने पुलिस एवं परिवहन विभाग को निर्देश दिया कि सड़कों पर बेतरतीब खड़े होने वाले वाहनों के विरूद्ध भी कार्रवाई की जाय। बैठक के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि स्कूल वाहनों के फिटनेस का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि किसी भी दशा में स्कूली छात्र-छात्राओं के परिवहन हेतु अनफिट वाहनों को उपयोग न होने पाये। डीएम ने एसडीएम व सीओ को निर्देश दिया कि औचक रूप से स्कूलों का भ्रमण कर वाहनों की फिटनेस का जायज़ा ले लें। जिलाधिकारी ने यातायात निरीक्षक को निर्देश दिया कि नगर को जाम की समस्या से निजात दिलाये जाने हेतु प्रभावित क्षेत्रों के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करें ताकि तद्नुसार कार्यवाही करते हुए सुगम यातायात के लिए आवश्यक प्रबन्ध सुनिश्चित किये सकें।  भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पिछले दिनों हुई भीषण मार्ग दुर्घटना स्थलों को सुयंक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों तथा दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश के लिए सुधारात्मक/सुरक्षात्मक उपायों के सम्बन्ध में विस्तृत आख्या प्रस्तुत करें। बैठक में एन.एच.ए.आई. के जिम्मेदार अधिकारी की अनुपस्थिति का डीएम ने कड़ा संज्ञान लेते हुए सम्बन्धित का स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया। पुलिस विभाग को निर्देश दिया गया कि गश्त के दौरान हाईवे पर खड़े वाहनों का संज्ञान अवश्य लें। डीएम ने कहा कि कभी कभी रोड पर बने आधे अधूरे रम्बल्स भी दुर्घटना का कारण बन जाते हैं। इसलिए सभी सम्बन्धित विभाग ये सुनिश्चित कर लें मार्गों पर बने रम्बल्स दुर्घटना का कारण न बने।डीएम ने निर्देश दिया कि मार्ग दुर्घटना की सूचना प्राप्त होते ही जिला प्रशासन, पुलिस, परिवहन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तत्काल हरकत में आकर घटना स्थल पर घायलों की मदद के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि मार्ग दुर्घटना होने पर घटना स्थल पर एम्बुलेन्स की उपलब्धता के साथ-साथ घायलों के भर्ती होने वाले चिकित्सालयों में आवश्यक दवा व इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाय। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे। 

                  

No comments: