Oct 16, 2026

जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद की ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान तेज, एंटी लार्वा दवा के छिड़काव एवं फॉगिंग का कार्य जारी



स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेस-2 एवं संचारी रोग नियंत्रण अभियान के गांवों में साफ-सफाई और रोगों से बचाव के लिए की जा रही प्रभावी कार्रवाई

गोण्डा  - जनपद में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा संचारी रोगों की रोकथाम के लिए ग्राम पंचायतों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजना फेस-2 एवं संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी विकासखण्डों की ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई, एंटी लार्वा दवा का छिड़काव तथा फॉगिंग का कार्य पंचायती राज विभाग द्वारा कराया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखना और मच्छरजनित एवं अन्य संचारी रोगों के प्रसार की संभावनाओं को कम करना है।

अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गांवों में सार्वजनिक स्थलों तथा आवागमन वाले स्थानों पर स्वच्छता सुनिश्चित करने के साथ-साथ जलभराव वाले क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त मच्छरों के प्रजनन पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से निर्धारित क्षेत्रों में फॉगिंग का कार्य भी कराया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में पंचायती राज विभाग द्वारा जनपद के सभी विकासखण्डों की ग्राम पंचायतों में अभियान से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेस-2 के अंतर्गत स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत रोगों की रोकथाम के लिए आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं।
प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना तथा संचारी रोगों के प्रति लोगों को जागरूक करना है। इसके लिए साफ-सफाई, दवा छिड़काव और फॉगिंग जैसी गतिविधियों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जनपदवासियों से अपील है कि वे अपने घरों एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, अनावश्यक जलभराव न होने दें तथा कूलर, गमलों, टंकियों एवं अन्य पात्रों में पानी जमा न होने दें। साथ ही प्रशासन द्वारा संचालित स्वच्छता एवं संचारी रोग नियंत्रण अभियान में सहयोग करें, ताकि जनपद को स्वच्छ, स्वस्थ और रोगमुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा सकें।

No comments: