गोण्डा - उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत जनपद गोण्डा में मतदान शांतिपूर्ण एवं सकुशल ढंग से सम्पन्न हुआ। जनपद के सभी 12 मतदेय स्थलों पर कुल 76.90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन में कुल 2,805 मतदाताओं में से 2,157 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान करने वालों में 1,591 पुरुष एवं 566 महिला मतदाता शामिल रहीं। इस प्रकार निर्वाचन में पुरुष एवं महिला मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
क्षेत्र पंचायत कार्यालय परसपुर में सर्वाधिक 90.07 प्रतिशत मतदान
जनपद में स्थापित 12 मतदेय स्थलों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदान सम्पन्न कराया गया। क्षेत्र पंचायत कार्यालय, परसपुर स्थित मतदेय स्थल पर सर्वाधिक 90.07 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो जनपद के सभी मतदेय स्थलों में सबसे अधिक रहा।
जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी ने किया निरंतर भ्रमण
निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर निगरानी की गई। जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी ने विभिन्न मतदेय स्थलों का भ्रमण कर निर्वाचन प्रक्रिया का जायजा लिया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों की सतत निगरानी एवं प्रशासनिक सतर्कता के बीच मतदान की प्रक्रिया सकुशल सम्पन्न हुई।
जनपद के सभी 12 मतदेय स्थलों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न होने के साथ ही शिक्षक निर्वाचन की प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी कराई गई।
No comments:
Post a Comment