Oct 29, 2026

अपने ही जाल में फंस गए 3 युवक, खुद के अपहरण की झूठी साजिश रचने वाले गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त 03 मोबाइल फोन बरामद


गोण्डा -थाना खोड़ारे पुलिस द्वारा दिनांक 28.10.2026 को मु0अ0सं0 सम्बन्धित धारा 308(5) बीएनएस में वांछित/प्रकाश में आये 03 अभियुक्तगण 1. राहुल राजभर उर्फ सूरज पुत्र राजेन्द्र राजभर निवासी पिपरा इस्माइल थाना खोड़ारे जनपद गोण्डा, 2. मासूम रजा पुत्र स्व0 शमशाद अली निवासी जलालपुर खलंगवा थाना खोड़ारे जनपद गोण्डा तथा 3. शिवम राजभर पुत्र कनिकराम निवासी चुटहवा थाना खोड़ारे जनपद गोण्डा को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तगण के कब्जे/घटना में प्रयुक्त 03 अदद मोबाइल फोन बरामद किये गये। गिरफ्तार अभियुक्तण के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही कर  न्यायालय रवाना किया गया।


दिनांक 27.10.2026 को डायल-112 के माध्यम से पीआरबी-8158 पर इवेण्ट नं0 8891, समय 17:48 बजे शिवम राजभर के अपहरण के सम्बन्ध में उसके भाई सुनील राजभर द्वारा सूचना दी गयी थी। सूचना पर थाना खोड़ारे पुलिस द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए शिवम राजभर के मोबाइल नम्बर को सर्विलांस सेल को लोकेशन हेतु उपलब्ध कराया गया। लगभग 19:00 बजे प्राप्त लोकेशन गन्ने के खेत के पास मिलने पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर काफी तलाश की गयी, जहां हेड कांस्टेबल चन्द्रशेखर मौर्या द्वारा शिवम राजभर को गन्ने के खेत में देखा गया। उसके भाई सुनील राजभर द्वारा उसकी पहचान अपने भाई शिवम राजभर के रूप में की गयी। शिवम को तत्काल उपचार हेतु सीएचसी बभनजोत के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य बतायी गयी। प्रारम्भिक पूछताछ के दौरान शिवम द्वारा अपने तीन काल्पनिक दोस्तों के नाम विकास, विशाल व राज द्वारा अपहरण कर इंजेक्शन लगाकर बेहोश करने की बात बतायी गयी, किन्तु उसके शरीर पर किसी प्रकार की चोट अथवा खरोंच का निशान नहीं मिला। शिवम के मोबाइल फोन के अवलोकन एवं सर्विलांस से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों की जांच करने पर उसके द्वारा बतायी गयी घटना संदिग्ध पायी गयी। मोबाइल में उसके भाई सुनील राजभर को वॉयस मैसेज भेजकर तीन लोगों द्वारा मारने की बात बताना, अचेत अवस्था की फोटो भेजना तथा धमकी भरे मैसेज किये जाने की जानकारी भी सामने आयी।

तकनीकी साक्ष्यों एवं सीडीआर के आधार पर पूछताछ किये जाने पर शिवम राजभर ने अपने साथियों के वास्तविक नाम छिपाने का प्रयास किया, लेकिन कड़ाई एवं तर्कसंगत पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपने दोस्त मासूम रजा निवासी जलालपुर खलंगवा तथा अपने ममेरे भाई राहुल राजभर उर्फ सूरज निवासी पिपरा इस्माइल के साथ मिलकर अपने अपहरण की झूठी कहानी रची थी। तीनों ने शराब पीने के बाद योजना बनायी कि शिवम अपने भाई सुनील राजभर से 10,000/- रुपये मांगेगा तथा रुपये मिलने के बाद अयोध्या घूमने जायेंगे। योजना के तहत शिवम को गन्ने के खेत में ले जाकर उसके अपहरण का झूठा घटनाक्रम तैयार किया गया तथा उसके भाई को भ्रमित करने के उद्देश्य से वॉयस मैसेज, फोटो एवं धमकी भरे मैसेज भेजे गये। पूछताछ एवं मोबाइल डाटा/सीडीआर के विश्लेषण से यह तथ्य सामने आया कि अभियुक्तगण द्वारा शिवम के भाई अखिलेश से 10,000/- रुपये की वसूली करने के उद्देश्य से उसके भाई को जान से मारने की धमकी देकर धनराशि प्राप्त करने का षडयन्त्र रचा गया था।

गिरफ्तार अभियुक्तगण—
1. राहुल राजभर उर्फ सूरज पुत्र राजेन्द्र राजभर, निवासी पिपरा इस्माइल, थाना खोड़ारे, जनपद गोण्डा, 
2. मासूम रजा पुत्र स्व0 शमशाद अली, निवासी जलालपुर खलंगवा, थाना खोड़ारे, जनपद गोण्डा, 
3. शिवम राजभर पुत्र कनिकराम, निवासी चुटहवा, थाना खोड़ारे, जनपद गोण्डा


No comments: