गोण्डा - परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में उप परिवहन आयुक्त (नगर परिवहन), मुख्यालय विजय कुमार सिंह ने शनिवार को सम्भागीय परिवहन कार्यालय, गोण्डा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य कार्यालय में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, अनधिकृत अथवा संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों, अनधिकृत मध्यस्थता की संभावित गतिविधियों तथा कार्यालयीय कार्मिकों के विवरण एवं पहचान-पत्रों का सत्यापन करना रहा।
निरीक्षण के दौरान श्री सिंह ने कार्यालय के समस्त कर्मचारियों के पहचान-पत्रों की जांच की तथा उनके आवंटित पटलों पर किए जा रहे कार्यों की अद्यतन स्थिति का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने कार्यालय की प्रत्येक विंडो पर पटल संख्या एवं उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का विवरण स्पष्ट रूप से अंकित होने की भी जांच की। इसके साथ ही विभिन्न पटलों पर किए जा रहे कार्यों का आंतरिक निरीक्षण करते हुए पत्रावलियों के रख-रखाव, अभिलेखों की व्यवस्था एवं कार्यालय की स्वच्छता का जायजा लिया।
उप परिवहन आयुक्त ने कार्यालय में अपने कार्यों के लिए आए आवेदकों से भी सीधे बातचीत की और उनकी समस्याओं तथा कार्यालय में किसी प्रकार की असुविधा के संबंध में जानकारी ली। उपस्थित आवेदकों ने बताया कि वे अपने व्यक्तिगत कार्य से कार्यालय आए हैं और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है।
निरीक्षण के दौरान कार्यालयीय कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं जनसुविधा के अनुरूप बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
No comments:
Post a Comment