Sep 3, 2026

डीएम व एसपी ने कजरीतीज जलाभिषेक की तैयारियों को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक




कजरीतीज जलाभिषेक आयोजन को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे सभी अधिकारी-जिलाधिकारी


साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा व्यवस्था, आपातकालीन सेवाएं एवं यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के दिये निर्देश-जिलाधिकारी 


गोण्डा - जनपद में कजरीतीज जलाभिषेक के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी गोंडा श्रीमती प्रियंका निरंजन एवं पुलिस अधीक्षक गोंडा अभिषेक झा ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम से जुड़े समस्त अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कजरीतीज के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक हेतु विभिन्न जल स्रोतों एवं मंदिरों में एकत्रित होते हैं। ऐसे में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा व्यवस्था, आपातकालीन सेवाएं एवं यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जाए। पुलिस बल की तैनाती, ड्रोन कैमरे से निगरानी, महिला सुरक्षा तथा भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी योजना बनाने का निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा  ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील स्थलों की पहचान कर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करें। जलाभिषेक के प्रमुख स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, तथा यातायात डायवर्जन की व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। जिला प्रशासन की यह पहल श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।

बैठक के दौरान सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की तैयारियों की जानकारी दी तथा यह आश्वासन दिया कि कार्यक्रम को सकुशल एवं शांतिपूर्ण रूप से सम्पन्न कराने हेतु पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल, अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय, उपजिलाधिकारी गोण्डा सदर, तरबगंज, तथा समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी, एक्सईएएन आरईडी, पीडब्ल्यूडी विभाग, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, जिला पंचायत राज अधिकारी, एक्सईएएन विद्युत गोण्डा शहर, करनैलगंज, पुजारी पृथ्वीनाथ मंदिर, पुजारी दुःखहरण नाथ मंदिर, फायर ब्रिगेड विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जलनिगम विभाग, सहित अन्य विभागों के संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

No comments: