Sep 4, 2026

कृष्ण जन्माष्टमी पर बृहद गौ संरक्षण केन्द्र बिरवा बभनी में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ हुआ पूजन कार्यक्रम



गोवंशों को केला एवं गुड़ खिलाकर की गई सेवा, संरक्षण एवं संवर्धन का दिया गया संदेश

गोण्डा - जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार विकास खण्ड झंझरी अन्तर्गत ग्राम बिरवा बभनी स्थित बृहद गौ संरक्षण केन्द्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर श्रद्धा एवं उल्लास के साथ पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गोवंशों के प्रति संवेदना, सेवा एवं संरक्षण की भावना को प्रोत्साहित करना तथा जनसामान्य को गौ संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव तथा ग्राम प्रधान सहित अन्य संबंधित लोगों द्वारा गौ संरक्षण केन्द्र में विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके गोप्रेम का स्मरण करते हुए गोवंशों की सेवा एवं देखभाल के महत्व पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित लोगों ने गोवंशों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास किए जाने का संकल्प भी लिया।

जन्माष्टमी के अवसर पर गौ संरक्षण केन्द्र में संरक्षित गोवंशों को विशेष रूप से केला एवं गुड़ खिलाया गया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वयं गोवंशों को केला एवं गुड़ खिलाकर उनकी सेवा की। 

इस दौरान गौशाला में गोवंशों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया तथा उनके खान-पान, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान यह संदेश दिया गया कि भारतीय संस्कृति एवं परंपरा में गोवंशों का विशेष स्थान है। गोवंशों की सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय ही नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता और सामाजिक दायित्व का भी प्रतीक है। गौ संरक्षण केन्द्रों के माध्यम से निराश्रित एवं असहाय गोवंशों को सुरक्षित आश्रय, चारा एवं आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि गौ संरक्षण केन्द्र में गोवंशों के लिए चारा-पानी, साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं निरंतर सुचारु रखी जाएं। साथ ही, गोवंशों की नियमित निगरानी एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव, गौ संरक्षण केन्द्र से जुड़े कर्मचारी एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।

No comments: