Sep 4, 2026

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार बाढ़ प्रभावित ग्राम गढ़ी में राजस्व आपदा टीम, ग्रामीणों से लिया हालात का जायजा


बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को लंच पैकेज एवं राहत सामग्री का वितरण, प्रभावित क्षेत्रों में लगातार जारी है निरीक्षण एवं राहत कार्य


गोण्डा - जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में तहसील तरबगंज अन्तर्गत बाढ़ प्रभावित ग्राम गढ़ी में राजस्व आपदा टीम तथा जिला आपदा विशेषज्ञ द्वारा गांव का स्थलीय निरीक्षण किया गया। टीम द्वारा बाढ़ की स्थिति, ग्रामीणों की समस्याओं तथा उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित जानकारी प्राप्त की गई।

निरीक्षण के दौरान राजस्व आपदा टीम एवं जिला आपदा विशेषज्ञ ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर बाढ़ से उत्पन्न परिस्थितियों के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों से उनके आवागमन, पेयजल, खाद्य सामग्री, पशुओं तथा अन्य आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। प्रशासनिक टीम द्वारा ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों एवं आपदा राहत टीम को सूचना दें, ताकि आवश्यक सहायता समय से उपलब्ध कराई जा सके।

जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राजस्व आपदा टीमों द्वारा लगातार भ्रमण एवं निरीक्षण किया जा रहा है। टीमों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रभावित गांवों में पहुंचकर जमीनी स्थिति का नियमित रूप से आकलन करें और ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुसार राहत एवं सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को प्रशासन की ओर से लंच पैकेज एवं आवश्यक राहत सामग्री का वितरण भी किया जा रहा है। राहत सामग्री के माध्यम से प्रभावित परिवारों को तत्काल आवश्यक खाद्य एवं अन्य उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि राहत सामग्री जरूरतमंद एवं प्रभावित लोगों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाई जाए।

जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। संबंधित राजस्व अधिकारियों, आपदा टीमों एवं अन्य विभागीय अधिकारियों को क्षेत्र में सक्रिय रहकर ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें। जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं सहायता कार्य निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई गई है।

No comments: