Sep 3, 2026

कजरी तीज पर 10-12 लाख श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को लेकर प्रशासन ने तैयार किया व्यापक यातायात प्लान






12 सितंबर दोपहर 12 बजे से 15 सितंबर सुबह 8 बजे तक प्रभावी रहेगा डायवर्जन

श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन रहेगा प्रतिबंधित

आमजन से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील

गोण्डा - कजरी तीज के पावन पर्व पर जनपद में लगभग 10 से 12 लाख श्रद्धालुओं एवं कांवरियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक यातायात प्लान तैयार किया है। कजरी तीज पर्व 13 एवं 14 सितंबर को मनाया जाएगा। श्रद्धालु करनैलगंज स्थित सरयू घाट से पवित्र सरयू जल लेकर कटरा-कौड़िया मार्ग से पृथ्वीनाथ मंदिर तथा करनैलगंज-बालपुर मार्ग से दुःखहरणनाथ मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना करेंगे।

श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए यातायात डायवर्जन 12 सितंबर की दोपहर 12 बजे से 15 सितंबर की प्रातः 8 बजे तक प्रभावी रहेगा।

बड़गांव चौराहा से करनैलगंज मार्ग रहेगा पूरी तरह प्रतिबंधित

जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन को प्राथमिकता देते हुए बड़गांव चौराहा, गुरु नानक चौराहा, अम्बेडकर चौराहा से करनैलगंज मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है।

वहीं बड़गांव चौराहा से बलरामपुर, बड़गांव चौराहा से उतरौला तथा बड़गांव चौराहा से अयोध्या-मनकापुर मार्ग हल्के वाहनों के लिए खुले रहेंगे। इससे प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने के साथ-साथ आमजन के लिए वैकल्पिक आवागमन सुनिश्चित किया जा सकेगा।

भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध

जनपद मुख्यालय में 12 सितंबर दोपहर 12 बजे से 15 सितंबर सुबह 8 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों एवं ट्रकों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। अति आवश्यक सेवाओं वाले भारी वाहनों को परिस्थितियों के अनुसार बलरामपुर, उतरौला अथवा नवाबगंज (लोलपुर) के रास्ते प्रवेश दिया जाएगा।

बाराबंकी से बलरामपुर जाने वाले भारी वाहन जरवल रोड-कैसरगंज-पयागपुर-श्रावस्ती होते हुए बलरामपुर एवं उतरौला जाएंगे। इसी प्रकार बलरामपुर-उतरौला से लखनऊ जाने वाले वाहन श्रावस्ती-बहराइच-पयागपुर-कैसरगंज-जरवल रोड होते हुए बाराबंकी जाएंगे।

बहराइच से अयोध्या जाने वाले भारी वाहनों को श्रावस्ती-बलरामपुर-उतरौला-डुमरियागंज-बस्ती मार्ग से तथा अयोध्या से बहराइच/बलरामपुर जाने वाले वाहनों कोबस्ती-डुमरियागंज-उतरौला-बलरामपुर-श्रावस्ती मार्ग से भेजा जाएगा।

हल्के वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित

लखनऊ एवं बाराबंकी से गोण्डा आने वाले हल्के वाहन जरवल रोड-भंभुआ-भौरीगंज-परसपुर-डेहरास होते हुए गोण्डा पहुंचेंगे। लखनऊ से आने वाले वाहन वैकल्पिक रूप से अयोध्या-लोलपुर होकर भी जनपद में प्रवेश कर सकेंगे।

गोण्डा से लखनऊ जाने वाले हल्के वाहन नवाबगंज-अयोध्या होकर जाएंगे। वैकल्पिक मार्ग के रूप में अम्बेडकर चौराहा-जेल रोड-डेहरास-परसपुर-भौरीगंज-भंभुआ-जरवल रोड-बाराबंकी/लखनऊ मार्ग का प्रयोग किया जा सकेगा।

बहराइच एवं बलरामपुर से अयोध्या जाने वाले हल्के वाहन श्रावस्ती-बलरामपुर-उतरौला-मनकापुर-कोल्हमपुर-लोलपुर (नवाबगंज) होकर जाएंगे। अयोध्या से बहराइच जाने वाले वाहन इसी मार्ग के विपरीत दिशा में संचालित होंगे।

इसके अतिरिक्त सरयू घाट करनैलगंज से गोण्डा-बड़गांव चौराहा, करनैलगंज से आर्यनगर, खरगूपुर से आर्यनगर तथा गोण्डा-बहराइच मार्ग पर निर्धारित अवधि में वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

प्रशासन की अपील

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, श्रद्धालुओं, कांवरियों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि कजरी तीज पर्व के दौरान निर्धारित यातायात डायवर्जन का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करें।

प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि कजरी तीज का पावन पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न कराया जा सके।

No comments: