Sep 7, 2026

कजरी तीज पर 12 लाख कांवरियों की आमद को लेकर अलर्ट, SDM ने सरयू घाट का किया औचक निरीक्षण



करनैलगंज/ गोण्डा - देवीपाटन मंडल के सबसे बड़े और ऐतिहासिक लोकपर्व कजरी तीज को लेकर प्रशासन अब एक्शन मोड में आ गया है। पर्व पर इस बार आस्था का महासैलाब उमड़ने वाला है, प्रशासनिक अनुमान के मुताबिक इस वर्ष करीब 12 लाख से ज्यादा कांवरियों के सरयू घाट पर पहुंचने की संभावना है। भीड़ के इसी अनुमान को देखते हुए सोमवार को उपजिलाधिकारी कर्नलगंज कुमार सत्यम जीत ने कटरा घाट स्थित सरयू घाट का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

घाट पर पहुंचते ही दिए सख्त निर्देश

उपजिलाधिकारी के अचानक पहुंचने से मौके पर मौजूद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ राजस्व निरीक्षक ईश्वर शरण तिवारी, लेखपाल विकास सिंह,लेखपाल विजय कुमार सहित अन्य राजस्व कर्मी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने घाट की साफ-सफाई, स्वास्थ्य टीम की तैनाती, नदी में खतरे वाले स्थानों पर बैरिकेटिंग, गोताखोरों की व्यवस्था, प्रकाश और पेयजल जैसे अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की गहनता से जांच की और संबंधित विभागों को चेतावनी भरे लहजे में निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पर संबंधित की जिम्मेदारी तय होगी ।

No comments: