गोण्डा - शुक्रवार को नवागत पुलिस अधीक्षक अभिषेक द्वारा आगामी त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने तथा जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के दृष्टिगत थाना को0 नगर क्षेत्रान्तर्गत पैदल गश्त की गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा इनकैन चौराहा से पीपल तिराहा होते हुए एकता चौक एवं भरत मिलाप चौराहा तक पैदल गश्त करते हुए क्षेत्र की सुरक्षा-व्यवस्था एवं पुलिस की सक्रियता का जायजा लिया गया। इस दौरान सर्राफा बाजार सहित अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए पुलिस बल की मौजूदगी सुनिश्चित की गई।पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा व्यापारियों, दुकानदारों, संभ्रांत नागरिकों एवं आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली गई तथा उन्हें सुरक्षित वातावरण का एहसास कराया गया। आमजन से आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों, सर्राफा बाजार एवं प्रमुख चौराहों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की निगरानी करने तथा आवश्यकतानुसार प्रभावी पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, बाजारों में अनावश्यक भीड़ एवं जाम की स्थिति उत्पन्न न होने देने तथा त्योहारों के दौरान महिलाओं एवं आमजन की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं लगातार भ्रमणशील रहकर ड्यूटी करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी त्योहारों के दृष्टिगत क्षेत्र में लगातार पैदल गश्त एवं भ्रमणशील पुलिसिंग सुनिश्चित की जाए तथा छोटी से छोटी सूचना को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए। असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए जनपद में शांति, कानून-व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखा जाए।
गोण्डा पुलिस द्वारा आगामी त्योहारों के दृष्टिगत लगातार पैदल गश्त, क्षेत्र भ्रमण एवं जनसंवाद के माध्यम से आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत किया जा रहा है तथा सभी नागरिकों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने हेतु पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय, क्षेत्राधिकारी नगर योगेंद्र सिंह सहित थाना को0 नगर पुलिस एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment