Aug 20, 2026

विधायक व प्रशासन ने जाना बाढ़ पीड़ितों का हाल, बांटी राहत समग्र, हर संभव मदद का भरोसा

बाढ़ प्रभावित ग्राम नकहरा में 200 से अधिक लोगों को वितरित की गई राहत सामग्री




गोण्डा - तहसील करनैलगंज क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित ग्राम नकहरा में गुरुवार को बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से राहत सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान  विधायक करनैलगंज अजय सिंह, उपजिलाधिकारी करनैलगंज सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण मौके पर मौजूद रहे। राहत सामग्री का वितरण कर बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम नकहरा में बाढ़ की स्थिति से प्रभावित 200 से अधिक लोगों को आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई। राहत सामग्री प्राप्त होने पर ग्रामीणों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी भी ली गई तथा उन्हें आश्वस्त किया गया कि बाढ़ की स्थिति में किसी भी प्रभावित परिवार को सहायता से वंचित नहीं होने दिया जाएगा।

 विधायक अजय सिंह ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार एवं प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। बाढ़ से उत्पन्न परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से राहत सामग्री सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रभावित लोगों तक समय से पहुंचाने के निर्देश दिए।

उपजिलाधिकारी करनैलगंज ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार राहत सामग्री, खाद्य पदार्थ एवं अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बाढ़ के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना दें।

इस अवसर पर तहसीलदार डॉ. शैलेन्द्र सिंह, नायब तहसीलदार विकास राज, राजस्व निरीक्षक संजय शुक्ला , लेखपाल विकास सिंह और राजस्व टीम उपस्थित रहे। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments: