पण्डरी कृपाल में 14 ग्राम पंचायतों की छात्राओं को मिली पढ़ाई की नई सुविधा
स्टडी टेबल पाकर खिले छात्राओं के चेहरे, शिक्षा के प्रति बढ़ेगा उत्साह
बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल, परिषदीय विद्यालयों में वितरित हुईं स्टडी टेबल
गोण्डा - बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत छात्राओं को अध्ययन के लिए बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकासखंड पण्डरी कृपाल की विभिन्न ग्राम पंचायतों के परिषदीय विद्यालयों में स्टडी टेबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत विकासखंड की 14 ग्राम पंचायतों के 18 परिषदीय विद्यालयों में छात्राओं को स्टडी टेबल वितरित की गईं।
स्टडी टेबल मिलने से छात्राओं को घर पर पढ़ाई करने के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। योजना का उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करना, उनके शैक्षिक स्तर में सुधार लाना तथा अभिभावकों को बेटियों की शिक्षा के प्रति जागरूक करना है। स्टडी टेबल वितरण के दौरान छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
विकासखंड पण्डरी कृपाल के अंतर्गत खिरौरा मोहन, नदौरा अर्जुन, मुंडेरवा कला, मुंडेरवा माफी, ठड़वरिया, सोनापार, गिलौली बकठोरवा, भौरूपुर, तेलियानी उपाध्याय, मिश्रौलिया कानूनगो, पिलखाई, कंधरा तेजी, भटवालिया, चौरसिहा एवं शेजापुर तथा विकासखण्ड मुजेहना उच्च प्राथमिक विद्यालय बेशहुपुर सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के परिषदीय विद्यालयों में स्टडी टेबल का वितरण कराया गया। कुल 19 विद्यालयों की छात्राओं को स्टडी टेबल का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों के शिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा समाज के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला है। सरकार की ओर से बालिकाओं को शिक्षा के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। स्टडी टेबल जैसी सुविधाएं छात्राओं को नियमित अध्ययन के लिए प्रोत्साहित करेंगी और उनके शैक्षिक विकास में सहायक होंगी।
अभिभावकों ने भी स्टडी टेबल वितरण की सराहना करते हुए कहा कि इससे छात्राओं को घर पर पढ़ाई करने में सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सामग्री का वितरण करना नहीं, बल्कि बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
अधिकारियों ने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के माध्यम से बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षिक सुविधाओं का प्रभावी उपयोग करते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
No comments:
Post a Comment