ग्राम ऐलीपरसौली निवासी 80 वर्षीय श्यामलाल को राजस्व टीम एवं आपदा राहत दल की सहायता से पहुंचाया गया अस्पताल
गोण्डा - ग्राम ऐली परसौली निवासी लगभग 80 वर्षीय श्यामलाल पुत्र रामदीन की प्रातः लगभग 9 बजे अचानक तबीयत अधिक खराब होने की सूचना प्राप्त हुई। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने के कारण उनके पुत्र बलजीत द्वारा घर से लगभग 500 मीटर दूर नाले में राजस्व विभाग द्वारा बाढ़ राहत एवं बचाव कार्य के लिए लगाई गई सरकारी नाव की सहायता से उन्हें बांध तक पहुंचाया गया। तत्पश्चात मौके पर उपलब्ध आपदा राहत टीम की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बेलसर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के उपरान्त बेहतर उपचार हेतु जिला अस्पताल गोंडा रेफर किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्यामलाल की तबीयत पूर्व से ही खराब चल रही थी। प्रशासन की ओर से उनके परिजनों को पूर्व में भी बाढ़ शरणालय में सुरक्षित स्थान पर आने के लिए कहा गया था, किंतु परिजनों द्वारा घर पर ही रहना उचित समझा गया।
स्वास्थ्य स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस हेल्पलाइन पर संपर्क किया गया। एम्बुलेंस के समय से उपलब्ध न होने की स्थिति में मौके पर मौजूद राजस्व टीम एवं आपदा राहत दल द्वारा तत्काल सक्रिय होकर सरकारी नाव तथा अन्य उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से वृद्ध को सुरक्षित रूप से बांध तक पहुंचाया गया और तत्पश्चात अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई। वर्तमान समय में भी राजस्व टीम मौके पर उपस्थित रहकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों में लगी हुई है।
प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए आवश्यकतानुसार राहत, बचाव एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही प्रभावित नागरिकों से अपील की गई है कि वे सुरक्षित स्थानों एवं बाढ़ शरणालयों में पहुंचकर प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।
No comments:
Post a Comment