Aug 27, 2026

अमर बलिदानी महाराजा देवी बक्श सिंह की प्रतिमा का हुआ भव्य अनावरण




केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री ने कहा—स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से मिली आजादी, युवाओं को महाराजा देवी बक्श सिंह के शौर्य से लेनी चाहिए प्रेरणा



गोण्डा - अमर बलिदानी गोण्डा नरेश महाराजा देवी बक्श सिंह जी के शौर्य, त्याग एवं राष्ट्रभक्ति की स्मृतियों को अक्षुण्ण बनाए रखने की दिशा में आज स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, गोण्डा के परिसर में उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। प्रतिमा अनावरण समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता करते हुए अमर बलिदानी महाराजा देवी बक्श सिंह जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद गोण्डा एवं केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने की। समारोह के दौरान महाराजा देवी बक्श सिंह जी की प्रतिमा का अनावरण किया गया तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर पूरा परिसर देशभक्ति, गौरव एवं राष्ट्रभक्ति के भाव से ओत-प्रोत दिखाई दिया।

इस अवसर पर केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री  कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि हमारे स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के अथक प्रयास, त्याग और बलिदान की वजह से आज हम सभी स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह देश केवल जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का नहीं है, बल्कि प्रत्येक युवा और देशवासी का है। हम सभी की जिम्मेदारी है कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान सेनानियों के योगदान को सदैव स्मरण रखें।

उन्होंने कहा कि महाराजा देवी बक्श सिंह जी के शौर्य, साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। विशेष रूप से युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित होकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का जीवन हमें देशहित को सर्वोपरि रखने तथा कर्तव्य एवं जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में  विधायक मनकापुर  रमापति शास्त्री,  विधायक मेहनौन विनय कुमार द्विवेदी,  विधायक सदर गोण्डा प्रतीक भूषण सिंह,  विधायक गौरा  प्रभात वर्मा,  विधायक करनैलगंज अजय सिंह, जिलाधिकारी  प्रियंका निरंजन, स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य, भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। सभी ने महाराजा देवी बक्श सिंह जी के शौर्य, त्याग एवं राष्ट्रहित में दिए गए बलिदान को स्मरण करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।

समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही। श्री लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अध्यापकगण भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। युवाओं ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।

प्रतिमा अनावरण के दौरान उपस्थित लोगों ने पुष्पवर्षा कर अमर बलिदानी महाराजा देवी बक्श सिंह जी के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने भी देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की भावना व्यक्त की।

‘खेलो इंडिया संवाद’ के संबोधन को सामूहिक रूप से सुना

प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के साथ ही स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, गोण्डा के ऑडिटोरियम हॉल में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम के प्रधानमंत्री जी के संबोधन को उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यालय एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, अध्यापकगण तथा अन्य उपस्थित लोगों द्वारा सामूहिक रूप से सुना गया।

‘खेलो इंडिया संवाद’ के माध्यम से युवाओं को खेलों के महत्व, फिटनेस, अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के संबंध में प्रेरणादायी संदेश प्राप्त हुआ। उपस्थित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम को सुना और खेल एवं फिटनेस को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने का संदेश ग्रहण किया।

प्रतिमा अनावरण एवं ‘खेलो इंडिया संवाद’ के आयोजन से स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में इतिहास, राष्ट्रभक्ति, युवा सहभागिता, खेल भावना एवं राष्ट्र निर्माण का प्रेरणादायी संगम देखने को मिला। कार्यक्रम ने युवाओं को जहां स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के त्याग एवं बलिदान से परिचित कराया, वहीं उन्हें स्वस्थ, अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

No comments: