Aug 14, 2026

सरयू डिग्री कॉलेज में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया महाविद्यालय परिसर



गोण्डा - सरयू डिग्री कॉलेज के तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आज भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा परिसर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” तथा “जय हिंद” के नारों से गूंज उठा। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर विद्यार्थियों ने देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
यात्रा के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं उमंग दिखाई दी। महाविद्यालय परिवार ने आमजन को स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को स्मरण करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी की है। विद्यार्थियों को राष्ट्रहित, अनुशासन, सामाजिक समरसता और जिम्मेदार नागरिकता के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हैं।तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों और संदेशों के माध्यम से “एकता में शक्ति है और राष्ट्र सर्वोपरि है” का संदेश दिया।                   महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ आर बी सिंह जी ने कार्यक्रम के समापन पर सभी को राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा देश के विकास में अपना योगदान देने का संकल्प लिया और जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया  इस अवसर पर डॉ. शैलेन्द्र बहादुर सिंह, डॉ. मार्शल स्टालिन, डॉ त्रिपुरारी दुबे, डॉ श्रीमती ममता मिश्रा, डॉ अंतिमा सिंह,डॉ पवन कुमार मिश्रा एन एस एस कार्यक्रधिकारी ,जगन्नाथ तिवारी कार्यक्रधिकारी,एस पी सिंह,ओ पी सिंह , श्री शिव कुमार मौर्य, विजय यादव,श्री बृजेश सिंह, अमित सिंह, स्वामी नाथ चौधरी, राहुल श्रीवास्तव, आशीष सिंह,सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।  सरयू डिग्री कॉलेज परिवार ने समस्त देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

No comments: