जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण कार्य का किया स्थलीय निरीक्षण
गोण्डा - विकासखण्ड झंझरी अन्तर्गत ग्राम दुल्लापुर खालसा में परियोजना के तहत निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय (प्री-प्राइमरी से कक्षा-12 तक) का जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से अब तक पूर्ण हुए कार्यों तथा शेष कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालय का निर्माण कार्य शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में प्रयुक्त होने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा प्रत्येक कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार ही कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य की नियमित रूप से निगरानी करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजना को पूर्ण कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक एवं बेहतर शैक्षिक सुविधाओं से युक्त विद्यालय उपलब्ध कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय सरकार की महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल है। ऐसे विद्यालयों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक शैक्षिक संसाधन एवं बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का भी विशेष ध्यान रखने तथा परिसर को सुव्यवस्थित एवं उपयोगी स्वरूप प्रदान करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा मानकों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि कार्य की प्रगति में तेजी लाते हुए गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में निर्माण कार्य पूर्ण करें।
निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, डीसी निर्माण विद्या भूषण तथा कार्यदायी संस्था के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment