करनैलगंज/ गोण्डा - एनसीसी में प्रवेश को लेकर क्षेत्र के युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सरयू महाविद्यालय, करनैलगंज एवं महाकवि तुलसीदास पी.जी. कॉलेज, परसपुर में कुल 96 सीटों के लिए आयोजित एनसीसी भर्ती प्रक्रिया में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया।
भर्ती प्रक्रिया के दौरान दोनों महाविद्यालयों में सुबह से ही अभ्यर्थियों की भारी भीड़ जुटी रही। एनसीसी में शामिल होने के इच्छुक युवाओं में देशसेवा, अनुशासन, शारीरिक दक्षता एवं सैन्य प्रशिक्षण को लेकर विशेष उत्साह नजर आया।
पूरी भर्ती प्रक्रिया 48 बटालियन के सीओ सुनील कपूर के निर्देशन में संपन्न हुई। उनके साथ एएसएम अनंगपाल, विपिन नेगी, संजीव सिंह, सर्वजीत सिंह एवं बंटी सिंह सहित संबंधित अधिकारियों ने निर्धारित मानकों एवं अनुशासन के साथ भर्ती प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
इस अवसर पर सरयू महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. बी. सिंह ने भर्ती प्रक्रिया का निरीक्षण करते हुए एनसीसी में युवाओं की बढ़ती रुचि की सराहना की। प्राचार्य के बाद महाविद्यालय के सीटीओ अमित सिंह ने भी भर्ती प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाते हुए अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
डॉ. आर. बी. सिंह ने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, शारीरिक दक्षता तथा राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में प्रतिभाग करने वाले सभी अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन किया।
महाविद्यालय प्रशासन की ओर से भर्ती प्रक्रिया को सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। दोनों महाविद्यालयों में पूरे दिन उत्साह एवं अनुशासन का वातावरण बना रहा।
96 सीटों के लिए आयोजित एनसीसी भर्ती में युवाओं की बड़ी भागीदारी ने क्षेत्र में एनसीसी के प्रति बढ़ते आकर्षण और राष्ट्रसेवा के जज्बे को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया।
No comments:
Post a Comment