गोण्डा: माधवपुर चकत्ता के तालाब में मिली 17 वर्षीय सुधा की लाश, परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई
गोण्डा। नगर कोतवाली अंतर्गत माधवपुर चकत्ता गांव में गुरूवार को 17 वर्षीय किशोरी सुधा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर फैलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार सुधा सुबह लगभग 8 बजे तक घर पर थी, उसके बाद अचानक लापता हो गई। खोजबीन के दौरान गांव के पास मछली पालन के बने तालाब में उसका शव तैरता हुआ मिला।घटना की जानकारी मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुँच गई। टीम ने तालाब और आसपास के क्षेत्र में बारीकी से साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा घटना के सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।परिजन और गांव वाले गहरे सदमे में हैं। किशोरी के माता-पिता बेसुध हैं और परिवार ने मामले की निष्पक्ष व त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मृत्यु का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा और फिलहाल हत्या, आत्महत्या तथा दुर्घटना—तीनों आयामों पर जाँच जारी है।

No comments:
Post a Comment