Jul 10, 2026

दोना-पत्तल मेकिंग मशीन के चयन हेतु साक्षात्कार 15 जुलाई को





गोण्डा - उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की टूल्स किट्स वितरण योजना के अंतर्गत दोना-पत्तल मेकिंग मशीन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए साक्षात्कार 15 जुलाई (बुधवार) को प्रातः 11 बजे जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, 122 राजा मोहल्ला, उत्तरौला रोड, निकट महाराजगंज पुलिस चौकी, गोण्डा में आयोजित होगा।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी महेन्द्र कुमार मिश्र ने बताया कि ऑनलाइन नामांकन कर चुके सभी अभ्यर्थी निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित हों। अभ्यर्थियों को राशन कार्ड, आधार कार्ड, शैक्षिक योग्यता संबंधी प्रमाणपत्र, पासपोर्ट आकार के फोटो, निवास प्रमाण पत्र तथा जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) साथ लाना अनिवार्य होगा।

उन्होंने बताया कि निर्धारित समय पर उपस्थित न होने अथवा साक्षात्कार में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों के आवेदन पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। सभी पात्र अभ्यर्थियों का चयन मुख्यालय द्वारा गठित चयन समिति के माध्यम से किया जाएगा।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने सभी ऑनलाइन पंजीकृत अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर समय से उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग करें।

No comments: