करनैलगंज /गोण्डा - थाना करनैलगंज क्षेत्र के ग्राम कस्तूरी निवासी शिवकुमार पाण्डेय ने अपनी कीमती जमीन पर जबरन कब्जे की कोशिश और हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए डीआईजी देवीपाटन परिक्षेत्र से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़ित ने सीओ कर्नलगंज से व्यक्तिगत मिलकर भी पूरे प्रकरण से अवगत कराया है।
हाईवे पर स्थित है कीमती जमीन
डीआईजी को दिए प्रार्थना पत्र में शिवकुमार पाण्डेय पुत्र देवता प्रसाद पाण्डेय ने बताया कि वह ग्राम कोंचा कासिमपुर में गाटा संख्या 677 रकबा 0.178 हेक्टेयर का सह संक्रमणीय भूमिधर है। यह जमीन गोण्डा-लखनऊ राजमार्ग पर स्थित होने के कारण काफी कीमती है।
पीड़ित के मुताबिक उसकी गाटा संख्या 677 से सटे उत्तर दिशा में गाटा संख्या 676 स्थित है, जिस पर विपक्षी माधुरी देवी पत्नी स्व. शंकर प्रसाद तिवारी निवासी कोंचा कासिमपुर खातेदार हैं। आरोप है कि माधुरी देवी का पुत्र विश्वनाथ तिवारी झगड़ालू, भू-माफिया, दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है।
हाईवे के किनारे स्थित कीमती जमीन पर विपक्षियों की गड़ी है नजर
शिवकुमार का आरोप है कि गोण्डा-लखनऊ मार्ग और गाटा संख्या 676 के बीच में उसकी गाटा संख्या 677 पड़ती है। इसी कारण माधुरी देवी व विश्वनाथ तिवारी उसकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास करते रहते हैं।
फर्जी मुकदमे और हत्या की साजिश का आरोप
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि विश्वनाथ तिवारी कुख्यात अपराधियों के साथ गिरोह बनाकर रहता है। वह प्रार्थी, उसके भाई और दोनों भाइयों के परिवार वालों को फर्जी मुकदमे में फंसाने, मारपीट करने और हत्या करने की योजना बनाता रहता है। विश्वस्त सूत्रों से पता चला है कि विश्वनाथ तिवारी अपराधियों के साथ मिलकर प्रार्थी व उसके परिवार की हत्या कर सकता है, जमीन पर कब्जा कर सकता है और पेशबंदी में झूठी घटना दिखाकर फर्जी मुकदमा भी लिखवा सकता है।
डीआईजी से सुरक्षा की मांग
पीड़ित ने आशंका जताई है कि विश्वनाथ तिवारी कभी भी उसके साथ कोई अप्रिय घटना कर सकता है। अगर प्रार्थी या उसके परिवार के साथ कोई घटना होती है तो उसके जिम्मेदार विश्वनाथ तिवारी व उसके गिरोह के सदस्य होंगे। पीड़ित ने डीआईजी से मामले की जांच कराकर दोषियों पर विधिक कार्रवाई करने और जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।
पीड़ित ने सीओ से मिलकर भी लगाई गुहार
पीड़ित शिवकुमार पाण्डेय ने सीओ कर्नलगंज से व्यक्तिगत मिलकर भी संपूर्ण प्रकरण से अवगत कराया और न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
No comments:
Post a Comment