Jun 23, 2026

दिव्यांश की बड़ी कामयाबी,एनडीए, जेईई एडवांस्ड के बाद राष्ट्रीय परीक्षा में हैट्रिक, डीयू, जेएमआई- बीएचयू में दाखिले का रास्ता साफ

गोंडा : कचनापुर के लाल दिव्यांश ने सीयूईटी में गाड़ा झंडा,पीसीएम में 99.01 पर्सेंटाइल से मारी बाजी
 

गोण्डा - कर्नलगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम कचनापुर निवासी वरिष्ठ पत्रकार सुभाष सिंह के होनहार सुपुत्र दिव्यांश प्रताप सिंह ने एक बार फिर जिले का नाम राष्ट्रीय फलक पर रोशन किया है। कॉमन यूनिवर्सिटी इंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी -यूजी 2026) में दिव्यांश ने फिजिक्स, केमेस्ट्री व मैथ (पीसीएम) में 99.01 पर्सेंटाइल अंक हासिल कर नया रिकॉर्ड बनाया है। कंप्यूटर साइंस व इंग्लिश वैकल्पिक विषय में भी उनका प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा।  

राष्ट्रीय परीक्षाओं में लगातार तीसरी बड़ी सफलता
 
दिव्यांश इससे पहले एनडीए और जेईई एडवांस्ड जैसी देश की सर्वाधिक प्रतिष्ठित परीक्षाओं में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। अब सीयूईटी- यूजी में 99.01 पर्सेंटाइल के साथ उन्होंने सफलता की हैट्रिक पूरी कर ली है। इस उपलब्धि से पूरे जिले में हर्ष की लहर है।  

टॉप यूनिवर्सिटी में प्रवेश का रास्ता साफ
 
99.01 पर्सेंटाइल के दम पर दिव्यांश के लिए दिल्ली यूनिवर्सिटी (डीयू), जामिया मिल्लिया इस्लामिया (जेएमआई), बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी (बीएचयू) समेत देश के प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालयों में दाखिले का रास्ता साफ हो गया है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस स्कोर पर डीयू के हंसराज, किरोड़ीमल या बीएचयू के आईआईटी जैसे संस्थानों में सीट मिलना तय है।  

सफलता का मंत्र: एनसीईआरटी और निरंतरता

दिव्यांश ने बताया कि वह रोजाना 8-10 घंटे सेल्फ स्टडी करते थे। "एनसीईआरटी को आधार बनाया और कॉन्सेप्ट क्लियर रखे। माता-पिता और गुरुजनों का आशीर्वाद मेरी ताकत है"।  

पिता वरिष्ठ पत्रकार, गांव में जश्न, मिल रही बधाइयां

दिव्यांश के पिता सुभाष सिंह वरिष्ठ पत्रकार हैं। बेटे की उपलब्धि पर उन्होंने कहा, "गांव के बच्चों को संदेश है कि संसाधन कम हों तो भी लगन से बड़ी मंजिल पाई जा सकती है।" खबर मिलते ही शुभचिंतकों का बधाई देने के लिए घर पर तांता लग गया।

No comments: