Jun 1, 2026

भीम सिंह कुशवाहा बने ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के प्रदेश संगठन मंत्री

 भीम सिंह कुशवाहा बने ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के प्रदेश संगठन मंत्री

बहराइच — ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह और प्रदेश महामंत्री नागेंद्र प्रताप कुशवाहा ने बहराइच के जिला अध्यक्ष श्री भीम सिंह कुशवाहा को प्रदेश संगठन मंत्री नियुक्त कर उनका प्रमाण पत्र, मोमेंटो व फूल मालाओं से सम्मानित कर स्वागत किया।उनकी नियुक्ति की घोषणा होते ही जनपद सहित प्रदेशभर के ग्राम पंचायत अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह और खुशी का माहौल फैल गया। संगठन से जुड़े पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल व सफल कार्यकाल की कामना की।

संगठन ने भीम सिंह कुशवाहा को उनके समर्पण, संगठन कौशल, संघर्षशील व्यक्तित्व और कर्मचारियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को देखते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि उनकी नियुक्ति न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे जनपद के ग्राम पंचायत अधिकारियों के लिए गर्व की बात है; इससे कर्मचारियों की आवाज प्रदेश स्तर पर और अधिक मजबूती से उठेगी।बताया गया कि श्री कुशवाहा ने लंबे समय से ग्राम पंचायत अधिकारियों की समस्याओं के समाधान, कर्मचारी हितों की रक्षा तथा संगठन को सुदृढ़ करने में सक्रिय भूमिका निभाई है। बहराइच जिला अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन को नई दिशा दी और कर्मचारियों की समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाकर समाधान कराने का प्रयास किया।

नवनिर्वाचित प्रदेश संगठन मंत्री भीम सिंह कुशवाहा ने कहा, "मैं शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। यह पद सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं संगठन नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने तथा कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण से कार्य करूँगा।" उन्होंने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और कार्यकर्ताओं को संगठन की ताकत मानने का आश्वासन भी दिया।कार्यक्रम में विकास श्रीवास्तव, राजेश्वर यादव, राहुल कुमार, मगन बिहारी, संतोष श्रीवास्तव, विजय कुमार, रविंद्र तिवारी, पंकज सिंह सहित जनपद व प्रदेश के कई कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments: