प्रभारी मंत्री ने कैसरगंज CHC का निरीक्षण किया, तहसील में जनसुनवाई कर दिए निर्देश
कैसरगंज, बहराइच। उत्तर प्रदेश के कृषि एवं बहराइच जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने गुरुवार को कैसरगंज का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का औचक निरीक्षण किया और तहसील सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में भाग लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।मंत्री शाही ने CHC के ओपीडी, आईसीयू वार्ड, एक्स-रे रूम, साफ-सफाई व्यवस्था और दवा वितरण केंद्र का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का मूल्यांकन करते हुए मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं की स्थिति को भी परखा।
एक्स-रे रूम के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने एक्स-रे टेक्निशियन संध्या सिंह से प्रतिदिन किए जाने वाले एक्स-रे की संख्या के बारे में जानकारी ली। बताया गया कि प्रतिदिन लगभग 45 एक्स-रे किए जाते हैं, जिस पर मंत्री ने संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं और उपचार व्यवस्था का फीडबैक लिया। मंत्री ने केंद्र पर मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं एवं दवाएं समय से उपलब्ध कराने तथा अस्पताल परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।CHC निरीक्षण के बाद मंत्री शाही तहसील पहुंचे, जहां तहसील सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया था। तहसील कैसरगंज पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जनसुनवाई के दौरान उन्होंने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
इस मौके पर भाजपा के पूर्व प्रत्याशी कैसरगंज गौरव वर्मा, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी सुनील धनवता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी संजय कुमार, उप जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी कैसरगंज, तहसीलदार कैसरगंज, सीएचसी अधीक्षक, थाना प्रभारी कैसरगंज, भाजपा कार्यकर्ता अनिल वर्मा तथा क्षेत्र के नागरिक मौजूद रहे। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, विद्युत विभाग और राजस्व विभाग के कर्मचारी भी उपस्थित रहे।यह दौरा फील्ड स्तर पर अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने की दिशा में सरकार की सक्रियता का संकेत माना जा रहा है।




No comments:
Post a Comment