May 14, 2026

हलधरमऊ में एजुकेशनल अवेयरनेस प्रोग्राम आयोजित





गोण्डा - दरसगाह इस्लामी स्कूल, हलधर मऊ में “एजुकेशनल अवेयरनेस प्रोग्राम” का आयोजन बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का संचालन मौलाना सकलेन अहमद ने किया, जबकि तालीमी नज़्म हाफिज अब्दुल अलीम द्वारा प्रस्तुत की गई, जिसे उपस्थित लोगों ने काफी सराहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के डायरेक्टर मोहसिन ख़ान ने की। इस अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल श्रीमती कनीज़ फातमा ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक बेहतर समाज की बुनियाद अच्छी तालीम, सफ़ाई, अनुशासन और बेहतर ड्रेस से तैयार होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों को शुरू से ही साफ-सफाई की आदत डालनी चाहिए तथा स्कूल यूनिफॉर्म और सलीकेदार पहनावे से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनकी स्वच्छता, समय की पाबंदी और अच्छे व्यवहार पर भी विशेष ध्यान दें।

इंग्लिश अध्यापक फारूक अहमद ख़ान ने आए हुए सभी अभिभावकों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे समाज में जागरूकता और तरक्की लाई जा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान कई अभिभावकों ने भी शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव एवं विचार प्रस्तुत किए। अभिभावकों ने बच्चों की नियमित पढ़ाई, अनुशासन और नैतिक शिक्षा पर विशेष ज़ोर दिया।

अंत में संस्था के डायरेक्टर मोहसिन ख़ान ने अपने संबोधन में बच्चों की तालीम, तरबियत और अच्छे संस्कारों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बच्चों की उम्र सीखने, पढ़ने और अपने भविष्य को मजबूत बनाने की होती है। यदि कम उम्र में बच्चों के मन में केवल पैसे कमाने की सोच डाल दी जाए, तो उनका ध्यान पढ़ाई से हट जाता है और उनका भविष्य प्रभावित हो सकता है।

उन्होंने कहा कि आज के दौर में शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का नाम नहीं, बल्कि बेहतर इंसान बनने का जरिया भी है। बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, बड़ों का सम्मान, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना भी सिखानी चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों पर पढ़ाई का सकारात्मक माहौल बनाएं, उन्हें मोबाइल और बेवजह की गतिविधियों से दूर रखें तथा नियमित रूप से स्कूल भेजें।

मोहसिन ख़ान ने यह भी कहा कि एक शिक्षित बच्चा ही आगे चलकर अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करता है। इसलिए हर माता-पिता की जिम्मेदारी है कि वे अपने बच्चों को अच्छी तालीम दिलाने में कोई कमी न छोड़ें।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें सभी अभिभावकों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर टीचर्स रमेश कुमार, हाफिज अब्दुल रशीद फातमा, नूरी, कैफ़िया, तहमीना, राजकुमारी, अज़्म रिजवी, लायबा, संजीन पैरेंट्स सरदार ख़ान, रहमान ख़ान, ज़ाहिद, अली अहमद, हैदर ख़ान,  शहज़ाद ख़ान, हसीना, शबनम, सफ़िया, नूर आयशा, जूही ख़ान, शाहीन ख़ान आदि सैकड़ों अभिभावक शामिल हुए ।

No comments: