करनैलगंज /गोण्डा - कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बरबटपुर गांव में दो समुदायों के बीच विवाद से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित व्यक्ति ने गांव के ही कुछ लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने तथा मोबाइल फोन तोड़ने का आरोप लगाते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। इस घटना ने स्थानीय कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। वहीं लगातार बढ़ रही अपराधिक घटनाओं के बीच कर्नलगंज पुलिस की कार्यशैली भी चर्चा और सवालों के घेरे में दिखाई दे रही है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मलौना निवासी जगदीश उर्फ बब्लू तिवारी पुत्र हृदयराम तिवारी ने कोतवाली कर्नलगंज में दिए गए शिकायती पत्र में कहा है कि दिनांक 11 मई 2026 की शाम वह बरबटपुर बाजार सामान लेने गया था। इसी दौरान बरबटपुर निवासी जुनैद पुत्र शमसुल्ला, तौफीक पुत्र जमाल, इबरार पुत्र अज्ञात तथा एक अन्य अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे और भद्दी भद्दी गाली देने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों व लात-घूंसों से हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार घटना के दौरान आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए, जिसके बाद आरोपियों ने दोबारा गांव में दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोप यह भी है कि जब पीड़ित ने घटना का वीडियो बनाने के लिए मोबाइल निकाला तो आरोपियों ने मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह टूट गया। पीड़ित ने तत्काल डायल-112 पुलिस को भी सूचना देने की बात कही है।पीड़ित ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। उपरोक्त घटना दो समुदायों से जुड़ी होने के कारण क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि क्षेत्र में अपराध और असामाजिक तत्वों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई होती तो ऐसी घटनाएं सामने नहीं आतीं।
नागरिकों के बीच चर्चा है कि कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार पुलिस व्यवस्था अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण स्थापित करने में नाकाम साबित हो रही है।
क्षेत्रीय लोगों ने आरोप लगाया कि कर्नलगंज क्षेत्र में मारपीट, धमकी, दबंगई और अव्यवस्था की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल बनता जा रहा है। लोगों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ समय पर कठोर कार्रवाई न होने से दबंगों और असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं तथा उन्हें कानून का कोई भय दिखाई नहीं पड़ रहा है।
वहीं स्थानीय नागरिकों ने कर्नलगंज कोतवाल की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के निस्तारण में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जाती, जिसके चलते अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है। क्षेत्रीय जनता का कहना है कि यदि पुलिस प्रशासन इसी तरह ढीला रवैया अपनाता रहा तो आने वाले समय में क्षेत्र की कानून व्यवस्था और अधिक बिगड़ सकती है।
No comments:
Post a Comment