गोण्डा - तहसील तरबगंज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा “एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा उपस्थित लोगों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचे। इसी उद्देश्य से खादी ग्रामोद्योग विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया है, ताकि आमजन को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार एवं ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा देने में खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम तथा अन्य स्वरोजगार योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को योजनाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया, पात्रता एवं मिलने वाले लाभों के बारे में भी विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना तथा लोगों को आत्मनिर्भर बनने हेतु प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी तरबगंज श्री प्रदीप कुमार सिंह, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी श्री महेंद्र कुमार मिश्रा, जिला सेवा योजना अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment