गोण्डा - जिला पंचायत सभागार में बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य आगामी मानसून एवं संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने हेतु किए जाने वाले कार्यों, प्रस्तावों तथा व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा कर प्रभावी रणनीति तैयार करना।
बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र ने की। इस दौरान विधायक कटरा बाजार बावन सिंह, विधायक तरबगंज प्रेम नारायन पाण्डेय, विधायक मेहनौन विनय कुमार द्विवेदी, विधायक गौरा प्रभात वर्मा, विधायक करनैलगंज अजय सिंह, जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, मा० सांसद प्रतिनिधि गोण्डा रमाशंकर मिश्र, सांसद प्रतिनिधि कैसरगंज संजीव सिंह, विधायक मनकापुर प्रतिनिधि वेद प्रकाश दूबे, जिला अध्यक्ष भाजपा अकबाल बहादुर तिवारी अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने बाढ़ पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि जनपद में बाढ़ संभावित क्षेत्रों की पहचान कर समय रहते सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने तटबंधों, नालों एवं जल निकासी व्यवस्था की नियमित निगरानी, संवेदनशील गांवों में राहत शिविरों की पूर्व पहचान, नावों एवं राहत सामग्री की उपलब्धता, साथ ही स्वास्थ्य एवं पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं, प्रस्तावों एवं सुझावों को रखा गया। उन्होंने तटबंधों की मरम्मत, जलभराव की समस्या, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति तथा समय पर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाने पर विशेष जोर दिया। मा० जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के समन्वय से ही बाढ़ जैसी आपदा से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकता है।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि बाढ़ नियंत्रण से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा कानून-व्यवस्था एवं राहत कार्यों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर आवश्यक तैयारियों की जानकारी दी गई।
बैठक के अंत में यह निर्णय लिया गया कि प्राप्त सुझावों एवं प्रस्तावों के आधार पर कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र अमल में लाई जाएगी, ताकि बाढ़ की स्थिति में जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके और आमजन को सुरक्षित रखा जा सके।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संत लाल पटेल, अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, समस्त उपजिलाधिकारीगण, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, डीपीआरओ, सीवीओ, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, एक्सईएएन बाढ़ खण्ड जय सिंह, जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव सहित अन्य सभी संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment