May 31, 2026

प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी प्रदीप कुमार को कैंप कार्यालय में दी गई भावभीनी विदाई




गोण्डा - जनपद गोण्डा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी श्री प्रदीप कुमार का प्रशिक्षण कार्यकाल पूर्ण होने पर पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में कैंप कार्यालय में एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी प्रदीप कुमार को उपस्थिति अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल पुलिस सेवा जीवन की शुभकामनाएं प्रदान की गईं। अपने प्रशिक्षण काल के दौरान प्रदीप कुमार ने थाना प्रभारी मोतीगंज के रूप में कार्य कर जनपद में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, विवेचना, जनसुनवाई एवं सामुदायिक पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं का गहन अध्ययन किया । उन्होंने पुलिस कार्यप्रणाली को निकटता से समझते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त किए। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि श्री प्रदीप कुमार ने अपने प्रशिक्षण काल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं सीखने की उत्कृष्ट क्षमता का परिचय दिया। उनका सकारात्मक दृष्टिकोण एवं कार्य के प्रति समर्पण भाव भविष्य में उन्हें एक कुशल एवं प्रभावी पुलिस अधिकारी के रूप में स्थापित करेगा।

अपने संबोधन में श्री प्रदीप कुमार ने जनपद गोण्डा में प्राप्त मार्गदर्शन, सहयोग एवं आत्मीयता के लिए पुलिस अधीक्षक गोण्डा सहित समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्राप्त अनुभव एवं सीख उनके भावी सेवा जीवन में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री प्रदीप कुमार के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सफल सेवा जीवन की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।

No comments: