May 29, 2026

लखनऊ: सिगरेट न देने पर भाजपा नेता शिवम सिंह की हत्या, दोस्तों पर भी साजिश का आरोप



लखनऊ -राजधानी लखनऊ में अयोध्या निवासी भाजपा युवा मोर्चा नेता शिवम सिंह की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिगरेट देने से मना करने पर बाइक सवार तीन युवकों ने पहले मारपीट की, फिर कुछ देर बाद दोबारा लौटकर ईंट-पत्थरों से हमला कर उनका सिर कूच दिया। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए शिवम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों ने दोस्तों और ड्राइवर पर भी साजिश रचने का आरोप लगाया है।
घटना विभूतिखंड थाना क्षेत्र स्थित जलवा क्लब के बाहर की बताई जा रही है। मृतक शिवम सिंह (28) अयोध्या के रामनगर धौरहरा गांव के निवासी थे और भाजपा युवा मोर्चा के जिला कमेटी सदस्य थे।
इंस्पेक्टर विभूतिखंड अमर सिंह के मुताबिक, शिवम सिंह 25 मई को अपने दोस्तों नीलेश और जीशान के साथ पार्टी करने लखनऊ आए थे। देर रात तक तीनों ने विभूतिखंड स्थित जलवा क्लब में पार्टी की। 26 मई की सुबह करीब तीन बजे जब सभी क्लब से बाहर निकले, तभी बाइक सवार तीन युवकों ने शिवम से सिगरेट मांगी।
बताया गया कि शिवम ने एक बार उन्हें सिगरेट दे दी, लेकिन जब युवकों ने दोबारा सिगरेट मांगी तो उन्होंने मना कर दिया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और तीनों युवकों ने शिवम के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।
मारपीट के बाद शिवम ने अपने परिचित आशीष को फोन कर घटना की जानकारी दी। आशीष ने उन्हें विवाद खत्म कर घर जाने की सलाह दी। इसके बाद शिवम अपने दोस्तों के साथ कार से घर जाने लगे।
रास्ते में कठौता झील रोड स्थित एलपीएस स्कूल के पास वही बाइक सवार युवक दोबारा पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने शिवम की कार पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, जिससे कार रोकनी पड़ी। जैसे ही शिवम कार से बाहर निकले, युवकों ने उन पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से वह सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े।
हमले के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं, शिवम के साथ आए दोस्त भी उन्हें सड़क किनारे छोड़कर चले गए। गंभीर हालत में शिवम को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने शिवम के दोस्तों और ड्राइवर पर साजिश करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

No comments: