अनुदेशक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन सम्पन्न डेमो चेक प्रदान कर अनुदेशकों को किया गया सम्मानित
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण
बहराइच । उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अनुदेशकों के मानदेय को रू. 9000=00 से बढ़ाकर रू. 17000=00 किये जाने के उपलक्ष्य में कपूरथला परिसर स्थित उत्थान ऑडिटोरियम में अनुदेशक सम्मान समारोह का आयोजन अत्यंत भव्यता एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आए अनुदेशकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की गई। सम्मान समारोह में प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी एवं मा. उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, मा. बेसिक शिक्षा मंत्री तथा अन्य मंत्रिगण के उदबोधन का सजीव प्रसारण दिखाया गया। उल्लेखनीय है कि प्रदेश स्तर पर आयोजित कार्यक्रम को जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं कार्यक्रम स्थल पर लाइव दिखाया गया, जिसे उपस्थित शिक्षकों एवं अनुदेशकों द्वारा अत्यंत उत्साह के साथ देखा व सुना गया।
आडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद बहराइच डॉ. आनन्द कुमार गोंड ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा एवं शिक्षकों के सम्मान के प्रति पूर्णतः संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि मानदेय वृद्धि केवल आर्थिक सहयोग नहीं बल्कि अनुदेशकों की सेवाओं के प्रति सरकार की कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने सभी अनुदेशकों से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण हेतु पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी ने कहा कि वर्तमान सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण हेतु सतत कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार निरंतर ऐतिहासिक निर्णय ले रही है तथा अनुदेशकों के हितों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता में शामिल है।उत्थान ऑडिटोरियम में आयोजित जनपदीय समारोह में लगभग 300 अनुदेशकों को सम्मानित किया गया। प्रत्येक विकासखंड के प्रतिनिधि अनुदेशकों को प्रतीक स्वरूप डेमो चेक प्रदान कर सम्मान व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान अनुदेशकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा गया कि वे बुनियादी शिक्षा को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विभागीय अधिकारियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का कल्याणकारी एवं संवेदनशील स्वरूप आज प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं युवाओं के विकास के क्षेत्र में सरकार द्वारा अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि सरकार की सकारात्मक सोच एवं शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। इस अवसर पर जनपद स्तरीय अधिकारीगण, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अनुदेशक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, सम्मान एवं गौरव की भावना से परिपूर्ण रहा।



No comments:
Post a Comment