Apr 5, 2026

छुट्टा सांड़ की टक्कर से युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम


मृतक की चार माह पहले हुई थी शादी, पत्नी सदमे में

गोण्डा - वजीरगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। थाना क्षेत्र के बहादुरा गांव के मजरे धोबहा निवासी एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक यश कुमार यादव शनिवार की बीती रात मधवापुर टिकरी से अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मनकापुर-नवाबगंज मार्ग पर अचानक एक आवारा सांड़ सड़क पर आ गया। सांड़ को बचाने के प्रयास में युवक की बाइक अनियंत्रित हो गई और वह गिर पड़ा। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यश कुमार यादव का विवाह महज चार माह पहले ही हुआ था। हादसे की सूचना मिलते ही उनकी पत्नी सदमे में आ गई और रोते-बिलखते बेहोश हो गई। परिवार में खुशी का माहौल अचानक मातम में बदल गया। मृतक टिकरी बाजार स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर काम करता था और अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना की सूचना मिलने पर परिजन देर रात नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां मां विमला देवी अपने बेटे का शव देखकर बदहवास हो गईं। इस घटना के बाद एक बार फिर क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वजीरगंज और नवाबगंज क्षेत्र में गौशालाएं होने के बावजूद सड़कों पर बेसहारा पशुओं का जमावड़ा बना रहता है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

प्रशासन की जिम्मेदारी पर उठे सवाल

लगातार हो रहे हादसों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई न होने से लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम उठाए जाएं तो कई निर्दोष लोगों की जान बचाई जा सकती है।

No comments: