गोण्डा - शनिवार को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 के दृष्टिगत जनपद गोण्डा में परीक्षा की सुचारू एवं पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु जिलाधिकारी गोण्डा श्रीमती प्रियंका निरंजन एवं पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा जनपद के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा परीक्षा केन्द्रों के मुख्य प्रवेश द्वार, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं सत्यापन की व्यवस्था, चेकिंग/फ्रिस्किंग व्यवस्था, परीक्षा कक्षों में बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा अन्य व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर स्थापित सी0सी0टी0वी0 कैमरों की कार्यशीलता का भी परीक्षण किया गया तथा यह सुनिश्चित किया गया कि सभी कैमरे सुचारू रूप से संचालित हों, जिससे परीक्षा की पूरी प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखी जा सके। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा केन्द्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों के परीक्षा केन्द्र में प्रवेश से पूर्व निर्धारित मानकों के अनुसार सघन चेकिंग/फ्रिस्किंग सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, अनुचित सामग्री अथवा प्रतिबंधित वस्तु को परीक्षा केन्द्र में ले जाने की अनुमति न दी जाए। परीक्षा की सुरक्षा एवं निष्पक्षता को दृष्टिगत रखते हुए प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त परीक्षा केन्द्रों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। भ्रमणशील पुलिस टीमें भी लगातार गश्त कर रही हैं, जिससे परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति पूर्णतः सामान्य बनी रहे। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, अनियमितता या अव्यवस्था की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि परीक्षा को सकुशल, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया जा सके। पुलिस प्रशासन द्वारा परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
Mar 14, 2026
डीएम व एसपी ने पुलिस भर्ती परीक्षा के दृष्टिगत विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का किया निरीक्षण
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment