Mar 23, 2026

विवाहिता की तहरीर पर ससुर व देवर समेत तीन पर मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी



गोण्डा - जिले के थाना कटरा बाजार क्षेत्र की एक विवाहिता की तहरीर व न्यायालय के आदेश पर कोतवाली नगर पुलिस ने ससुर व देवर समेत तीन लोगों के खिलाफ अश्लील हरकत, मारपीट, धमकी व अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसका पति रोज़गार के सिलसिले में विदेश गया हुआ था, जिसके चलते वह अपनी दुधमूही बच्ची के साथ अलग रह रही थी। इसी दौरान उसके ससुर जबरन पति से तलाक कराकर दूसरी शादी कराने का दबाव बना रहे थे। विरोध करने पर ससुर व अन्य परिजन उसे लगातार शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
तहरीर के अनुसार, ससुर द्वारा कई बार अश्लील हरकत की गई, जिसकी जानकारी उसने अपने पति को दी। पति ने समझाने का आश्वासन दिया, लेकिन इसी बीच उन्हें मुंबई जाना पड़ा। इसके बाद पीड़िता अपने मायके चली गई।
आरोप है कि बीते दिसंबर माह में ससुर व अन्य आरोपी मायके पहुंच गए, जहां घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए अश्लील हरकत की और विरोध करने पर मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़िता ने इसकी शिकायत थाने में की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़िता ने बताया कि जब वह पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देने गोण्डा जा रही थी, तभी पोर्टरगंज के पास आरोपियों ने उसे रोक लिया और जबरन बाइक पर बैठाकर घर ले गए। वहां कमरे में बंद कर कई दिनों तक शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न किया गया। पीड़िता को अपनी जान का खतरा महसूस होने लगा।
बताया जा रहा है कि घटना के पांचवें दिन पति मुंबई से लौटे और किसी तरह उसे मुक्त कराया। इसके बाद कोतवाली नगर में तहरीर दी गई और पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थना पत्र सौंपा गया, लेकिन कार्रवाई न होने पर पीड़िता को न्यायालय की शरण लेनी पड़ी।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments: