Mar 12, 2026

नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप, पुलिस नही कर रही कार्रवाई


गोण्डा - जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र से एक युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता ने आरोप लगाया है कि घटना के कई दिन बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे परिजनों की चिंता और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कटरा बाजार क्षेत्र के ग्राम कौड़हा जगदीशपुर नौव्वन पुरवा निवासी सद्दीक पुत्र दुखी ने क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 24 फरवरी 2026 को करीब 3 बजे जब वह घर पर मौजूद नहीं थे, तभी कुछ लोग उनकी बेटी खुशनाज को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गए। पीड़ित ने इस मामले में थाना कटरा बाजार में एफआईआर संख्या 048/26 दर्ज कराई है। आरोप है कि इस घटना में शाहरुख पुत्र अलीरजा, सायरा पत्नी अलीरजा निवासी गजराज पुरवा थाना परसपुर जनपद गोंडा तथा शाहरुख पुत्र शब्बीर निवासी डालीगंज, हसनगंज (मध्य कमिश्नरेट लखनऊ) शामिल हैं। पीड़ित पिता का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद अब तक पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपियों द्वारा उनकी बेटी के साथ कोई अनहोनी भी की जा सकती है। इस संबंध में पीड़ित ने क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज से मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए बेटी की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब मामला दर्ज हो चुका है, तो आखिर पुलिस की कार्रवाई अब तक क्यों नहीं दिख रही? परिजन इसी सवाल के साथ अधिकारियों से न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

No comments: