पीएमश्री स्कूल पवही का दो दिवसीय वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न
रंगारंग प्रस्तुतियों ने सबका मन मोहा, अतिथियों ने की मुक्तकंठ सराहना
पीएमश्री कम्पोजिट स्कूल पवही में आयोजित दो दिवसीय वार्षिकोत्सव रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया, जबकि अतिथियों ने उनकी प्रतिभा की खुलकर प्रशंसा की।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षमा सिंह (ए.आर.पी. अंग्रेज़ी) और विशिष्ट अतिथि उमेश कुमार सिंह (अध्यक्ष, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ) ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया। छात्राओं की सरस्वती वंदना और दीपमाला ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद अतिथियों का माल्यार्पण व बैच अलंकरण कर स्वागत हुआ। सलोनी, मानवी, प्रीती, अनीता व शिवानी ने स्वागत गीत से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटक व गीतों से अपनी बहुमुखी प्रतिभा दिखाई। "हम यूपी वाले भैया हैं", "मेरे अच्छे चंदामामा", "मोर बन यो रसिया", "एक दो तीन चार", "मैं निकला गड्डी लेके" व "चमकेगा इंडिया" जैसे लोकप्रिय गीतों पर नृत्य ने दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया।विशेष आकर्षण सड़क सुरक्षा पर आधारित एकांकी रही, जिसमें बच्चों ने यातायात नियमों का प्रभावी संदेश दिया। महारास, कव्वाली ‘कामयाबी’, होली गीत ‘ऐसी होली तोय खेलाऊँ’ व ‘दादा जी छड़ी’ ने सांस्कृतिक विविधता को जीवंत किया। एकल कविता, भाषण व गीतों ने कार्यक्रम को और रोचक बनाया।समापन पर प्रभारी प्रधानाध्यापक ने मेधावी व प्रतिभाशाली छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। नोडल संकुल रामानन्द गुप्ता, बृजेश चौधरी, कमलेश कुमार राव, अकील अहमद, शिक्षक संकुल, अजय कुमार वर्मा, प्रभात शुक्ला, वेदप्रकाश वर्मा, सर्वेश कुमार वर्मा, आरती शुक्ला, मनीषा शर्मा, आकांक्षा सिंह, कोमल राव, नाजमा बेगम सहित सभी शिक्षक व बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment