Feb 6, 2026

आकांक्षा सिंह की कामयाबी पर मिल रही शुभकामनाएं

लखनऊ - देश की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) के घोषित परिणाम में लखनऊ की आकांक्षा सिंह ने विधि विषय में शानदार सफलता हासिल कर पीएचडी के लिए क्वालिफाई किया है। 5 फरवरी 2026 को घोषित हुए इस परिणाम ने उनके परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। आकांक्षा ने यह मुकाम अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगातार पढ़ाई के दम पर हासिल किया।

आकांक्षा सिंह ने बताया कि एलएलबी में विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद एलएलएम में भी टॉप कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनकी इस उपलब्धि पर वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल ने उन्हें स्वर्ण पुरस्कार से सम्मानित किया था। उनकी पूरी शिक्षा-दीक्षा लखनऊ में हुई है, जहां उन्होंने लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

आकांक्षा के पिता अजय कुमार सिंह उच्च न्यायालय, लखनऊ के प्रतिष्ठित अधिवक्ता हैं। वे सुभासपा के राष्ट्रीय विधिक सलाहकार होने के साथ ही उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज और सुलतानपुर जिले की कई नगर पंचायतों के स्थायी अधिवक्ता भी हैं। आकांक्षा मूल रूप से सुलतानपुर जिले के कादीपुर तहसील के रामपुर खुर्द गांव की निवासी हैं। वर्तमान में वे परिवार के साथ लखनऊ के चिनहट स्थित कैलाशपुरी कॉलोनी में रहती हैं।

आकांक्षा की इस सफलता से उनके परिवार, मित्रों और क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गर्व का पल बताया है।

No comments: