Feb 13, 2026

तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, दो युवक गंभीर, अज्ञात चालक पर एफआईआर दर्ज



गोण्डा - जिले में सड़कों पर बेलगाम रफ्तार अब आम नागरिकों की जान पर भारी पड़ रही है, लेकिन सवाल यह है कि प्रशासन आखिर कब जागेगा? इसी क्रम में करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही का एक और गंभीर मामला सामने आया है। गोंडा–लखनऊ रोड पर कोंचा कासिमपुर भट्टे के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित वीरेंद्र प्रताप सिंह की तहरीर पर कोतवाली करनैलगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना 6 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 1:45 बजे की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रघ्घापुरवा निवासी वीरेंद्र प्रताप सिंह का छोटा भाई मानवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मन्नू अपने मित्र आशीष मिश्रा के साथ बाइक संख्या UP-43 BM-9726 से ग्राम हरियागाड़ा अपनी बहन से मिलकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान कोंचा कासिमपुर भट्टे के पास पीछे से आए डंपर संख्या UP-53 T-6977 (टाटा) ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मानवेंद्र प्रताप सिंह और उनके मित्र आशीष मिश्रा को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था। घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। इसके बाद परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों का इलाज जारी है। पीड़ित वीरेंद्र प्रताप सिंह की तहरीर पर कोतवाली करनैलगंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 281, 125(ए), 125(बी) तथा मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 184 में अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल दोनों वाहन पुलिस कब्जे में हैं और फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

No comments: