गोण्डा - उ.प्र. राज्य महिला आयोग की सदस्य एकता सिंह का बुधवार को जनपद में आगमन हुआ। आगमन के उपरान्त उन्होंने सर्किट हाउस गोण्डा में महिला सम्बन्धी जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान कुल 06 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 02 प्रकरणों का मौके पर ही तत्काल निस्तारण कराया गया, जबकि शेष 04 प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये। सदस्य श्रीमती सिंह ने कहा कि महिलाओं की समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं संवेदनशील निस्तारण सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। किसी भी महिला के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राप्त प्रकरणों में पीड़ित महिलाओं को हरसंभव न्याय दिलाया जाय। जनसुनवाई से पूर्व श्रीमती सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हलधरमऊ का निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इसके पश्चात आंगनबाड़ी केन्द्र बटौरा बख्तावर सिंह का निरीक्षण कर बच्चों एवं महिलाओं को प्रदान की जा रही पोषण सेवाओं, पंजीकरण, उपस्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा कार्यकत्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इसके उपरान्त प्रशिक्षण संस्थान में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा, ए.एन.एम. तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ वार्ता/संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गयी एवं सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुँचाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम के अन्त में दर्जीकुंआ स्थित शिवबहादुर द्वारा आयोजित चाय आमंत्रण कार्यक्रम में उन्होंने सहभागिता की।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय उपाध्याय, जिला समाज कल्याण अधिकारी एस.पी. सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गौरव स्वर्णकार, महिला थाना प्रभारी अनीता यादव, संरक्षण अधिकारी चन्द्रमोहन वर्मा, सेंटर मैनेजर चेतना सिंह, सिद्धनाथ पाठक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment