गोण्डा - विकासखण्ड बभनजोत की ग्राम पंचायत बनगवा एवं दौलतपुर माफी में नीति आयोग द्वारा संचालित संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत की जा रही गतिविधियों का स्थलीय भ्रमण किया गया।
इस दौरान प्राथमिक विद्यालय बनगवा, आंगनवाड़ी केंद्र बनगवा, प्राथमिक विद्यालय दौलतपुर माफी, आंगनवाड़ी केंद्र दौलतपुर माफी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुक्कनपुर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर का भ्रमण किया गया। इस दौरान वहां प्रदान की जा रही शैक्षणिक, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का अवलोकन किया गया। विद्यालयों में पठन-पाठन व्यवस्था, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन (Mid-Day Meal), आधारभूत सुविधाएं तथा बालिकाओं हेतु शौचालय की स्वच्छता एवं उपयोगिता की भी समीक्षा की गई ।
आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण ट्रैकर पर डेटा प्रविष्टि, टेक-होम राशन (THR) वितरण, वृद्धि निगरानी (Growth Monitoring) एवं लाभार्थियों की उपस्थिति की समीक्षा की गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुक्कनपुर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर में उपलब्ध चिकित्सीय सेवाओं, दवा उपलब्धता, टीकाकरण व्यवस्था तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का भी अवलोकन किया गया।इसके अतिरिक्त विकासखंड कार्यालय में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ संपूर्णता अभियान 2.0 की मासिक कार्ययोजना (Monthly Action Plan) एवं अब तक की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
कार्यक्रम को प्रभावी एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने हेतु अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया।
नीति आयोग द्वारा निर्धारित संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत तय 6 संकेतकों की गहन समीक्षा की गई। इनमें से 4 संकेतक आईसीडीएस विभाग,1 संकेतक बेसिक शिक्षा विभाग एवं 1 संकेतक पशुपालन विभाग से संबंधित हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य सभी 6 संकेतकों में संतृप्ति (Saturation) प्राप्त करना है।
उल्लेखनीय है कि संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ दिनांक 2 फरवरी 2026 को विकास खंड सभागार में किया गया था, जो 14 अप्रैल,2026 तक संचालित रहेगा।
अधिकारियों द्वारा संबंधित विभागों को लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के सुझाव दिए गए।
भ्रमण के दौरान जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह, नीति आयोग से यंग प्रोफेशनल सुश्री अदिति त्यागी, खंड विकास अधिकारी श्री राम लगन वर्मा, सीएम फेलो श्री गौरव मिश्रा, स्वास्थ्य अधीक्षक श्री तरुण कुमार मौर्य, खंड शिक्षा अधिकारी श्री इरशाद अहमद, सीडीपीओ श्री दुर्गेश कुमार गुप्ता सहित अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment