गोण्डा - प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से थाना धानेपुर में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन द्वारा उपस्थित फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र से आए नागरिकों ने भूमि विवाद, अवैध कब्जा, रास्ता अवरोध, राजस्व अभिलेखों में त्रुटि, पारिवारिक विवाद तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रकरण की वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त सभी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और उनके निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने कहा कि राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करे तथा समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करे। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता एवं विपक्षी पक्ष—दोनों को बुलाकर पारदर्शी तरीके से प्रकरण का समाधान कराया जाए, जिससे भविष्य में विवाद की पुनरावृत्ति न हो।
समाधान दिवस के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के लिए संबंधित विभागों को निश्चित समयसीमा निर्धारित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आमजन को न्याय पाने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। समाधान दिवस जैसी पहल जनता और प्रशासन के बीच विश्वास को मजबूत करती है।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक शिकायत का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में नायब तहसीलदार अनुराग पाण्डेय, थाना प्रभारी तथा राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment