कैसरगंज रामलीला कमेटी ने एसडीएम का किया सम्मान
कैसरगंज (बहराइच)। कैसरगंज रामलीला मैदान में आयोजित दशहरे के पर्व पर रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उप जिलाधिकारी कैसरगंज अखिलेश कुमार सिंह को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष विजय कुमार सिंह रैकवार समेत कई सम्मानित सदस्य गण उपस्थित रहे।हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी दशहरे का पर्व हर्षोल्लास व धूमधाम से मनाया गया। गुरुवार की शाम जैसे ही रावण दहन हुआ, पूरा मैदान "धू-धू" कर जलते रावण के दृश्य से गूंज उठा और उपस्थित भीड़ ने तालियों और जयघोष से उत्सव का आनंद लिया।एसडीएम अखिलेश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारत गंगा-जमुनी तहज़ीब की भूमि है, जहाँ विभिन्न धर्मों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों में शिरकत कर भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते हैं। उन्होंने दशहरे जैसे पर्व को बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक बताते हुए समाज में ईर्ष्या, घृणा और वैमनस्यता जैसी भावनाओं को त्यागने का संदेश दिया।दशहरा का पर्व देखने के लिए आसपास के गांवों से लोग बड़ी संख्या में रामलीला मैदान पहुँचे। मैदान में मेला-जैसा दृश्य उपस्थित दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम के अंतिम दिन कमेटी के प्रमुख सदस्यगण शिवानंद सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष कैसरगंज सत्यदेव सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख फखरपुर शिव सहाय सिंह, प्रफुल्ल राज सिंह, गुलाब सिंह, हीरालाल मौर्य, राघव सिंह, आशु सिंह समेत भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment