Oct 29, 2025

पुलिस द्वारा 15,000/- रू0 के इनामिया हत्याभियुक्त को किया गया गिरफ्तार


गोण्डा - अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में थाना नवाबगंज पुलिस द्वारा थाना स्थानीय में पंजीकृत मु0अ0सं0-387/2025 धारा 103(1) बी0एन0एस0 से सम्बन्धित 15,000/- रू0 के इनामिया हत्याभियुक्त गुनीराम पुत्र राम दयाल निवासी ग्राम कोल्हमपुर थाना नवाबगंज गोण्डा को तरबगंज जाने वाले मुख्य सड़क ग्राम सोझिया के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना किया गया।  
 25.10.2025 को  विनय पुत्र छेदी लाल गुप्ता निवासी ग्राम मधवापुर, पोस्ट रघुनाथ नगर, थाना वजीरगंज, जनपद गोण्डा द्वारा थाना नवाबगंज पर लिखित तहरीर दी गई कि उनकी बहन की शादी लगभग 08 वर्ष पूर्व गुनीराम पुत्र राम दयाल निवासी ग्राम कोल्हमपुर, थाना नवाबगंज के साथ हुई थी। उनके एक पुत्र कान्हा उम्र लगभग 05 वर्ष का है। दिनांक 25.10.2025 की सुबह लगभग 08ः00 बजे उनका बहनोई गुनीराम अपने पुत्र कान्हा को उनके घर पर छोड़कर चला गया। बाद में उनके भांजे कान्हा ने बताया कि “रात में पापा ने मम्मी को मार डाला है।” सूचना पर विनय अपने भांजे को साथ लेकर ग्राम कोल्हमपुर स्थित अपनी बहन के घर पहुँचे तो उन्होंने देखा कि उनकी बहन आरती का शव कमरे के अन्दर जमीन पर पड़ा था, तथा उसके सिर व शरीर पर चोट के निशान पाए गए। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना स्थानीय पर मु0अ0सं0 387/2025 धारा 103(1) बीएनएस बनाम गुनीराम पुत्र राम दयाल निवासी ग्राम कोल्हमपुर थाना नवाबगंज गोण्डा पंजीकृत किया गया। सूचना पर तत्काल उच्चाधिकारियों द्वारा स्थानीय पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुँच कर निरीक्षण किया गया। फील्ड यूनिट को घटना स्थल पर बुलाकर साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गयी। शव के पंचायतनामा की कार्यवाही कर पोस्टमार्टम कराया गया। अभियुक्त गुनीराम गिरफ्तारी से बचने हेतु फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा अभियुक्त गुनीराम की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हेतु 15,000/-का ईनाम घोषित किया गया था। जिसमें आज दिनांक 29.10.2025 को थाना नवाबगंज पुलिस द्वारा अभियुक्त गुनीराम को दुर्जनपुर घाट से तरबगंज जाने वाले मुख्य सड़क ग्राम सोझिया के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना नवाबंगज पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्यवाही कर  न्यायालय गोण्डा रवाना किया गया ।

No comments: