Sep 17, 2025

कार्यक्रम में विदेश राज्य मंत्री, विधायक तथा डीएम ने बच्चों को "पोषण पोटली" को किया वितरित

स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान एवं आठवां राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर स्वास्थ्य शिविर का हुआ आयोजन


कार्यक्रम में विदेश राज्य मंत्री, विधायक तथा डीएम ने बच्चों को "पोषण पोटली" को किया वितरित

गोण्डा  - नगरपालिका मैरिज हाल, नवाबगंज, गोंडा में "स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार" अभियान तथा आठवें राष्ट्रीय पोषण माह के उपलक्ष्य में भव्य स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के नागरिकों में पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का संचालन किया गया।

स्वास्थ्य शिविर के मुख्य अतिथि सांसद गोंडा एवं केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह जी रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक मनकापुर रमापति शास्त्री, जिलाधिकारी गोंडा श्रीमती प्रियंका निरंजन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि वर्मा तथा उपजिलाधिकारी तरबगंज, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय उपाध्याय, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाक्टर  सीके वर्मा, डीआईओ एनआईसी सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारीगण तथा अधिशासी अधिकारी नवाबगंज, नगरपालिका अध्यक्ष उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान महिलाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच, पोषण परामर्श, एनीमिया जांच, टीकाकरण व आवश्यक औषधि वितरण की नि:शुल्क व्यवस्था की गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना, कुपोषण की स्थिति में सुधार लाना तथा समुदाय को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान करना रहा।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा बहुओं एवं महिला सफाईकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इन जमीनी स्तर पर कार्यरत महिलाओं के प्रयासों से ही स्वास्थ्य सेवाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। कार्यक्रम में बच्चों को "पोषण पोटली" वितरित की गई जिसमें पोषणयुक्त खाद्य सामग्री एवं जागरूकता संबंधी सामग्री सम्मिलित थी। सांसद कीर्ति वर्धन सिंह जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिला सशक्तिकरण और पोषण एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। जब महिला स्वस्थ होती है, तभी परिवार और समाज भी स्वस्थ होता है। जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने पोषण अभियान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सभी विभागों से समन्वित प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणों ने भाग लिया। यह शिविर न केवल स्वास्थ्य सेवाओं का माध्यम बना, बल्कि जनजागरूकता और सामुदायिक भागीदारी का एक सफल उदाहरण भी सिद्ध हुआ।

No comments: