चेकिंग अभियान का भी नहीं दिख रहा असर,नियमों का हो रहा खुला उल्लंघन,तेज गति से फर्राटा भर रहे वाहन चालक
करनैलगंज/ गोण्डा- स्थानीय तहसील क्षेत्र में बेखौफ होकर वाहन चालक सड़कों पर तेज गति में व नशा करके फर्राटे भर रहे हैं यहाँ चेकिंग अभियान का भी कोई असर नहीं दिख रहा है। जिससे आये दिन हो रहे सड़क हादसे में लोगों को असमय अपनी जान गंवानी पड़ रही है। लेकिन इस पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन व परिवहन विभाग ठोस कदम नहीं उठा रहा है। विदित हो कि बीते चार माह में करीब डेढ़ दर्जन लोगों की मौत हो चुकी है वहीं दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। मृतकों में सबसे अधिक बाइक सवार शामिल हैं। इसका मुख्य कारण तेज गति व नशा करके वाहन चलाने को माना जा रहा है। यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीरता नहीं बरती जा रही है।
आपको बता दें कि सबसे अधिक दुर्घटना गोण्डा-लखनऊ राजमार्ग पर होती है। यहाँ चाैपाल सागर, हारीपुर,बालपुर के पास पेट्रोल पंप, हरसिंहपुर, बालपुर बाजार टेढ़ी पुल, परसा गोंड़री,मैजापुर मोड़, घिवपुरवा मोड़, मुहम्मदपुर मोड़,चौरी चौराहा, कोंचा कासिमपुर-कमालपुर मोड़, कस्तूरी पेट्रोल पंप, गोनवा, कर्नलगंज तहसील मोड़,मौर्यनगर चौराहा,पिपरी पेट्रोल पंप के पास, जहाँगिरवा-सरयू रेलवे क्रासिंग के बीच व भंभुआ स्थित तालेपुरवा मोड़ दुर्घटना बाहुल्य स्थान है।यहां आए दिन सड़क दुर्घटना होती है। अवैध पार्किंग व सड़क पर दुकानों के संचालित होने से भी हादसा हो रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक बीते चार महीने में हुऐ सड़क हादसे में करीब डेढ़ दर्जन लोगों की मौत हो चुकी है। छह मार्च को राम सिंह के पेट्रोल पंप पिपरी के पास कस्बा कर्नलगंज सदर बाजार नई बस्ती निवासी मो० यासीन, ग्यारह अप्रैल को बालपुर जाट के पास शिवबचन, चौदह अप्रैल को चौरी चौराहा पर राहुल, सत्तरह अप्रैल को ग्राम कादीपुर के पास दिनेश पासवान, पच्चीस अप्रैल को ब्रह्मचारी स्थान के पास काजू दूबे,अट्ठाईस अप्रैल को भंभुआ के पास कृष्ण कुमार, एक मई को मैजापुर मोड़ के पास विनोद कुमार, दो मई को कर्नलगंज चौराहे पर विनोद सिंह, आठ मई को हलधरमऊ के दीपनरायन शुक्ल, उन्नीस मई को अहिरौरा के कृष्णपाल सिंह, इक्कीस मई को सर्वांगपुर के रमाशंकर तिवारी व उनकी पत्नी ऊषा तिवारी, पांच जुलाई को मुहम्मदपुर के छट्ठीलाल, छह जुलाई को दत्तनगर के पास कर्नलगंज नगर के सदर बाजार निवासी किराना व्यवसाई विश्वनाथ गुप्ता, जगदीश निवासी असरना व जब्बार, बीस जुलाई को रामानुज व चौबीस जुलाई को स्टेट बैंक कर्नलगंज के पास हुए सड़क हादसे में ग्राम प्रतापपुर के निवासी अर्जुन सिंह की मौत हो चुकी है। वहीं चार माह में दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो चुके हैं।
इस संबंध में सीओ कर्नलगंज नवीना शुक्ला का कहना है कि सड़क दुर्घटना रोकने व लोगों की सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाता है। कई लोग हेलमेट व सीट बेल्ट नहीं लगा रहे हैं और यातायात नियमों का पालन नही कर रहे हैं। नियम विरुद्ध वाहन चलाने वालों के विरूद्ध कार्रवाई की जा रही है।
No comments:
Post a Comment